मुरैना के माता बसैया थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर आसन नदी में दो युवक डूब गए। घटना भूमिया मंदिर के पास करीब 3:30 बजे हुई। दोनों युवक ग्वालियर से मुरैना आए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, डूबने वाले युवकों की पहचान अशोक पुत्र बप्पा खान (30) और इरशाद पुत्र सलामत खान (25) के रूप में हुई है। दोनों ग्वालियर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों युवक आसन नदी में उतरने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूब गए। कुछ लोगों ने बताया कि दोनों मछली पकड़ने के लिए नदी पर आए थे। हालांकि, वे किस उद्देश्य से वहां पहुंचे थे, इसकी पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई। देर शाम तक दोनों युवकों का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने पर रेस्क्यू रोका डीएसपी मुख्यालय विजय भदौरिया ने बताया कि अंधेरा होने के कारण नदी में रेस्क्यू करने में परेशानी हो रही थी। इसलिए बुधवार रात तलाश रोक दी गई। गुरुवार सुबह होने के बाद एसडीआरएफ टीम दोबारा नदी में दोनों युवकों की तलाश करेगी।

