ग्वालियर में बदला मौसम, सुबह बूंदाबांदी से घुली ठंडक:अगले 48 घंटे बारिश के आसार; 40 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

ग्वालियर में बदला मौसम, सुबह बूंदाबांदी से घुली ठंडक:अगले 48 घंटे बारिश के आसार; 40 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

ग्वालियर में शनिवार सुबह मौसम का मिजाज बदल गया। अल सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबांदी हुई, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई। ठंडी हवाओं और नमी बढ़ने से लोगों को पिछले दिनों की गर्मी से राहत मिली। हालांकि, दिन में धूप निकलने पर तापमान बढ़ सकता है, लेकिन बादलों की मौजूदगी से गर्मी का असर कम रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। सुबह 5:30 बजे तापमान 22.6 डिग्री और 8:30 बजे 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह सापेक्ष आर्द्रता 93% रही, जो सामान्य से 24% अधिक है। बूंदाबांदी के चलते 0.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बादलों की आवाजाही से बदला मौसम पिछले कुछ दिनों से शहर में तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी। मानसून की विदाई के बाद अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंचने से कुछ राहत मिली थी। इससे पहले तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री था। इस तरह एक दिन में अधिकतम तापमान में 4.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम में बदलाव की प्रमुख वजह बादलों की सक्रियता और हवाओं के रुख में परिवर्तन माना जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसमी गतिविधियां बनी हुई हैं। इसके चलते ग्वालियर-चंबल संभाग में भी बादल छाने और बूंदाबांदी की स्थिति बन रही है। अगले 48 घंटे में बारिश के आसार मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 48 घंटे में ग्वालियर सहित आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। बादलों और बारिश के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। शनिवार सुबह हुई बूंदाबांदी से मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं। दिनभर मौसम का रुख बादलों की स्थिति और हवा की दिशा पर निर्भर करेगा। फिलहाल सुबह की ठंडक से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *