ग्वालियर में सोशल मीडिया पर वायरल होने और रील पर ज्यादा से ज्यादा व्यूज पाने का एक युवक का अनोखा प्रयोग उसे ट्रैफिक पुलिस के सामने ले आया। युवक ने अपनी कार को ही ‘किसिंग कार’ बना दिया। कार की पूरी बॉडी पर उसकी गर्लफ्रेंड ने लिपस्टिक से करीब 3400 किस के निशान बना दिए। इसके बाद युवक ने कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज पहुंच गए। हालांकि, रील वायरल होने के बाद मामला यातायात पुलिस तक पहुंच गया और पुलिस ने कार बरामद कर चालानी कार्रवाई की। तेज रफ्तार में दौड़ रही थी कार, पुलिस की नजर पड़ी तो निशान दिखे यातायात पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले कार क्रमांक MP07 CC 9452 का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में कार सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती नजर आ रही थी। पुलिस की नजर जब वीडियो पर पड़ी तो कार की पूरी बॉडी पर बने लिपस्टिक के निशान भी साफ दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार की पहचान शुरू की। थाटीपुर से कार बरामद, थाने बुलाकर युवक से पूछताछ पुलिस ने कार के बारे में जानकारी जुटाई तो उसका पता थाटीपुर क्षेत्र में मिला। इसके बाद यातायात पुलिस की टीम ने कार को थाटीपुर से बरामद कर यातायात थाने पहुंचाया। कार मालिक को थाने बुलाया गया, जहां उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद युवक ने खुद कार की बॉडी पर बने लिपस्टिक के निशान पानी से साफ किए। यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वाहन तेज रफ्तार में दिखाई दे रहा था। कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक जैसे निशान बने थे। वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान कर उसे थाटीपुर से बरामद किया गया। वाहन चालक ने अपनी गलती स्वीकार की है। मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के तहत कार पर 5500 रुपए का जुर्माना किया गया है। युवक इंस्टाग्राम पर बनाता है रील, बोला- उम्मीद थी वीडियो वायरल होगा कार मालिक आदित्य सिकरवार ने पुलिस को बताया कि वह इंस्टाग्राम पर रील बनाता है। उसने दो दिन पहले कार का वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। आदित्य के मुताबिक, उसे उम्मीद थी कि वीडियो वायरल होगा और ऐसा ही हुआ। वीडियो पर एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज आ गए। आदित्य ने बताया कि कार पर लिपस्टिक के निशान उसने खुद नहीं बनाए थे। उसका कहना है कि जब कार खड़ी थी, उस दौरान उसकी एक दोस्त ने कार की बॉडी पर किस किए थे। इसके बाद उसने इसका वीडियो बनाया और इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। रील वायरल होने के बाद पुलिस की नजर वीडियो पर पड़ी और कार्रवाई की गई। 3400 किस के निशान बनाने में लगे करीब साढ़े 3 घंटे आदित्य के अनुसार, कार की बॉडी पर करीब 3400 किस के निशान बनाए गए थे। पूरी प्रक्रिया में करीब साढ़े 3 घंटे का समय लगा। सोशल मीडिया पर ट्रेंड सेट करने और वीडियो को वायरल कराने के उद्देश्य से यह अनोखा प्रयोग किया गया था। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार की। उसने कहा कि उसे इस तरह रील बनाकर यातायात नियमों के उल्लंघन का अंदाजा नहीं था। बोला- दोबारा नहीं करूंगा ऐसी गलती आदित्य ने पुलिस से कहा कि भविष्य में वह यातायात के सभी नियमों का पालन करेगा और इस तरह की गलती दोबारा नहीं करेगा। वहीं यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को चेतावनी दी है।

