ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी स्थित फर्नीचर मार्केट में लकड़ी कटिंग की दुकान में आग लग गई। गुरुवार की रात को हुई इस घटना में दम घुटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र में हुई। आग तेजी से फैली और उसने बड़ा रूप ले लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी में सीएनसी लकड़ी कटिंग की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल फायर सर्विस यूनिट और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। विद्युत विभाग से संपर्क कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई गई। दमकल कर्मियों ने दुकान के अंदर फंसे दो व्यक्तियों, अल्तमस और अमन, को मूर्छित अवस्था में बाहर निकाला। उन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने अल्तमस को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमन को बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


