गोविंद नगर से पांच दिन से लापता 14 वर्षीय किशोरी पुलिस को चकमा देकर भाग निकली। घटना उस वक्त हुई जब पुलिस उसका मेडिकल कराने के लिए उर्सला अस्पताल ले गई थी। किशोरी के लापता होते ही पुलिसकर्मियों के हाथ–पैर फूल गए। परिजनों और पुलिस ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने किशोरी के साथ पकड़े गए आरोपी आटो चालक को पाक्सो एक्ट की धाराओं में जेल भेज दिया। 17 अक्टूबर को लापता हुई थी किशोरी गोविंद नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक चालक ने 17 अक्टूबर को अपनी 14 वर्षीय इकलौती बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने बुधवार को बर्रा-दो निवासी आटो चालक अमरजीत सिंह उर्फ अमन को गुजैनी टेंपो स्टैंड से गिरफ्तार किया था। आटो चालक के पास से किशोरी को भी पुलिस ने बरामद किया थ।
गुरुवार को पुलिस किशोरी को उसके परिजनों के साथ मेडिकल परीक्षण कराने के लिए उर्सला अस्पताल लेकर पहुंची। मेडिकल कराने के बाद किशोरी अपनी मां के साथ बैठी थी, जबकि उसके पिता और पुलिसकर्मी रिपोर्ट लेने चले गए। इसी दौरान किशोरी ने मां से पानी पीने जाने की बात कही और वहां से निकल गई। पिता के साथ मेडिकल रिपोर्ट लेने गई थी पुलिस मेडिकल रिपोर्ट लेकर पिता और पुलिसकर्मी वापस पहुंचे तो किशोरी वहां नहीं मिली। काफी देर तक इंतजार करने के बाद तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। वहीं पुलिस ने आरोपी अमरजीत के खिलाफ किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने, रेप और पाक्सो एक्ट में कार्रवाई कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गोविंद नगर इंस्पेक्टर अशोक दुबे ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। किशोरी की तलाश के लिए फिर से टीमें लगाई गई हैं।

