IndiGo winter schedule 2026-27 : गोवा जाने की योजना बना रहे पर्यटकों और व्यावसायिक यात्रियों के लिए परेशानी बढ़ गई है। इंडिगो ने छत्रपति संभाजीनगर से गोवा के बीच चलने वाली सीधी विमान सेवा एक बार फिर बंद कर दी है। यह सेवा 1 अक्टूबर 2026 को करीब तीन महीने के अंतराल के बाद दोबारा शुरू हुई थी, लेकिन 24 अक्टूबर को इस मार्ग पर आखिरी उड़ान संचालित की गई। 25 अक्टूबर से लागू हुए नए शीतकालीन उड़ान शेड्यूल में इस रूट को जगह नहीं मिली है। इससे पर्यटन सीजन की शुरुआत में यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ेगा।
तीन महीने बंद रहने के बाद शुरू हुई थी उड़ान
इंडिगो ने जुलाई 2024 में छत्रपति संभाजीनगर और गोवा के बीच सप्ताह में तीन दिन सीधी उड़ान सेवा शुरू की थी। बाद में इसे 16 जून से 30 सितंबर 2026 तक अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इसके बाद 1 अक्टूबर से मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उड़ानें फिर शुरू की गईं इस सीधी उड़ान से यात्रियों को गोवा पहुंचने में करीब दो घंटे लगते थे। इससे पर्यटकों और व्यावसायिक यात्रियों को काफी सुविधा मिल रही थी। लेकिन दोबारा शुरू होने के महज 24 दिन बाद सेवा बंद होने से यात्रियों को निराशा हुई है।
नए विंटर शेड्यूल में नहीं मिली जगह
25 अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक के शीतकालीन शेड्यूल में इंडिगो की छत्रपति संभाजीनगर-गोवा उड़ान शामिल नहीं है। विमान उपलब्धता से जुड़ी दिक्कतों को सेवा में कटौती की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, इस रूट को दोबारा शुरू करने की कोई निश्चित तारीख सामने नहीं आई है। इस बीच, एयरपोर्ट से शहर की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए विभिन्न पर्यटन संगठनों और विमानतल प्राधिकरण की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। इस सेवा के बंद होने के बाद छत्रपति संभाजीनगर एयरपोर्ट से इंडिगो की चार और एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक नियमित उड़ान सेवा ही संचालित होने की जानकारी दी गई है।
अब यात्रियों के पास क्या विकल्प?
सीधी उड़ान बंद होने के कारण गोवा जाने वाले यात्रियों को अब मुंबई या पुणे के रास्ते हवाई यात्रा करने अथवा रेल और सड़क मार्ग का विकल्प चुनना होगा। इससे यात्रा में लगने वाला समय और खर्च बढ़ सकता है। पर्यटन सीजन के दौरान इस सेवा के बंद होने से स्थानीय पर्यटन और कारोबार पर भी असर पड़ने की आशंका है। अब यात्रियों की नजर इस बात पर है कि इंडिगो इस मार्ग पर सीधी उड़ान कब दोबारा शुरू करती है।


इंडिगो एयरलाइन ने कहा है कि सुरक्षा स्थिति को देखते हुए सऊदी अरब के चार शहरों से आने-जाने वाली उसकी उड़ानें इस महीने की 31 तारीख तक रद्द रहेंगी।