गोरखपुर में स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ:विद्यार्थियों को दी अनुशासन, सेवा और आत्मनिर्भरता की सीख

गोरखपुर में स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ:विद्यार्थियों को दी अनुशासन, सेवा और आत्मनिर्भरता की सीख

गोरखपुर के पीडीएम पब्लिक स्कूल महुराई गगहा में तीन दिवसीय प्रथम सोपान स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश जनपद मुख्यालय गोरखपुर के जिला मुख्यायुक्त राम जन्म सिंह एवं जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधक जितेंद्र कुमार यादव एवं प्रधानाचार्य मनोज कुमार यादव ने ध्वजारोहण कर की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ विषम परिस्थितियों में सीमित संसाधनों के बीच जीवन जीने की कला सिखाता है। इसके माध्यम से बच्चों में सेवा, आत्मनिर्भरता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालयों में स्काउट-गाइड प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक आलोक शाही ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रशिक्षण से बच्चों में अनुशासन के साथ नेतृत्व क्षमता और सहयोग की भावना भी विकसित होती है। जिला मुख्यालय से आए स्काउट प्रशिक्षक राजू मौर्य ने प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड के इतिहास, राष्ट्रध्वज की सुरक्षा, ध्वजारोहण की विधिवत प्रक्रिया, स्काउट-गाइड प्रार्थना, झंडा गीत, नियम एवं प्रतिज्ञा के साथ बाएं हाथ से हाथ मिलाने तथा सलामी देने की विधि सहित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। प्रशिक्षण शिविर में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *