गोरखपुर में वन विभाग का एक्शन:3 बिज्जू पकड़े-2 अब भी फरार, लोगों को मिली राहत

गोरखपुर में वन विभाग का एक्शन:3 बिज्जू पकड़े-2 अब भी फरार, लोगों को मिली राहत

गोरखपुर में तिवारीपुर इलाके के आवास विकास कॉलोनी में सोमवार को दोपहर वन विभाग ने बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए 3 बिज्जुओं को सुरक्षित पकड़ लिया। इस कार्रवाई से कॉलोनी के लोगों को आंशिक राहत जरूर मिली है, लेकिन खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। वन विभाग के मुताबिक मौके पर अभी भी 2-3 बिज्जू मौजूद हो सकते हैं। विभाग का कहना है कि रेस्क्यू के दौरान कुछ बिज्जू झाड़ियों, खाली प्लॉट या घरों के आसपास छिप गए या फिर मौके से भाग निकले। ऐसे में पूरी कॉलोनी में अभी भी सतर्कता बरतने की जरूरत है। 3-4 दिनों से दहशत में थे लोग कॉलोनी के लोगों के अनुसार पिछले 3-4 दिनों से लगातार बिज्जू दिखाई दे रहे थे। शुरुआत में एक-दो बिज्जू नजर आए, लेकिन बाद में इनकी संख्या 5-6 तक होने का दावा किया गया। कई घरों के आसपास और अंदर तक इनके पहुंचने की बात सामने आई थी, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया था। अंधेरा होते ही घरों में कैद हो रहे थे लोग बिज्जुओं की दहशत का असर ऐसा था कि शाम होते ही कॉलोनी में सन्नाटा पसर जाता था। लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे थे और बच्चों को पूरी तरह घरों के अंदर ही रखा जा रहा था। रात में किसी भी तरह की हलचल होने पर लोग सतर्क हो जा रहे थे। स्थानीय स्तर पर एक व्यक्ति पर बिज्जू द्वारा हमले की भी चर्चा सामने आई थी, जिसके बाद लोगों में डर और बढ़ गया था। हालांकि इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। फिर भी एहतियात के तौर पर लोगों ने खुद को घरों तक सीमित कर लिया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *