गोरखपुर के तिवारीपुर इलाके की आवास विकास कॉलोनी में इन दिनों लोगों को आदमखोर बिज्जुओं की दहशत है। पिछले 3-4 दिनों से कॉलोनी में लगातार बिज्जू दिखाई देने से लोग सहमे हुए हैं। शुरुआत में जब एक-दो बिज्जू नजर आए तो लोगों ने इसे सामान्य समझा। उन्हें लगा कि शायद जंगल या किसी दूसरे इलाके से भटककर आए होंगे और वापस चले जाएंगे। लेकिन लगातार कई दिनों से इनके दिखाई देने और अब इनकी संख्या 5-6 तक होने के दावे ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल, स्थानीय लोगों के मुताबिक बिज्जू कॉलोनी के कई मकानों के आसपास घूमते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोगों ने इनके घरों के अंदर तक पहुंचने की बात भी कही है। इससे लोगों में डर का माहौल है। रात के समय बाहर निकलने में लोग खास तौर पर सावधानी बरत रहे हैं और घरों के दरवाजे बंद रख रहे हैं। शाम होते ही सुनसान होने लगती है कॉलोनी बिज्जुओं की दहशत का असर कॉलोनी की रोजमर्रा की जिंदगी पर साफ दिखाई दे रहा है। अंधेरा होते ही लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। बच्चों को तो खास तौर पर बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। अभिभावकों का कहना है कि जब तक वन विभाग की टीम इन्हें पकड़ नहीं लेती, तब तक बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह का जोखिम नहीं लिया जा सकता। कॉलोनी के लोगों के बीच यह बात भी सामने आई है कि बिज्जू ने एक व्यक्ति पर हमला किया है। इस जानकारी के बाद लोगों में दहशत और बढ़ गई है। हालांकि हमले की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करने और बिज्जुओं को सुरक्षित तरीके से पकड़ने की मांग की है। मकान के आसपास हैं 4-5 बिज्जू
कॉलोनी में रहने वाले डॉ. तस्लीम लारी ने बताया कि उनके मकान से लेकर आसपास के तीन-चार मकानों के बीच करीब 4 से 5 बिज्जू लगातार घूमते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। लगातार बिज्जू दिखाई देने से आसपास रहने वाले परिवारों में डर बना हुआ है। DFO शुभम सिंह ने बताया कि बिज्जुओं को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग की टीम को कल सुबह मौके पर भेजा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और अंधेरा होने के बाद घरों से बाहर निकलने से बचें। साथ ही लोगों से बिज्जुओं के पास जाने या उन्हें खुद पकड़ने की कोशिश नहीं करने को कहा गया है।
वन विभाग की कार्रवाई के बाद साफ होगी तस्वीर
फिलहाल कॉलोनी में मौजूद बिज्जुओं की वास्तविक संख्या और उनके यहां पहुंचने की वजह स्पष्ट नहीं है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेगी और रेस्क्यू की कार्रवाई करेगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कॉलोनी में वास्तव में कितने बिज्जू मौजूद हैं। तब तक कॉलोनी के लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।


