गोरखपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 27 जटेपुर उत्तरी में नगर आयुक्त ने सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, सड़क और नाला निर्माण के साथ जलकल विभाग के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मौके पर चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी ली।उन्होंने अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कल्याण मंडपम तक बनेगी लिंक रोड नगर आयुक्त ने वार्ड में प्रस्तावित कल्याण मंडपम के स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने हुमायूंपुर-हड़हड़वा फाटक रोड से कल्याण मंडपम तक लिंक रोड बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लिंक रोड के किनारे स्थित धोबी घाट का भी पुनर्निर्माण कराने को कहा। अधिकारियों को दोनों कार्यों की आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए गए। गोकुल अपार्टमेंट से रेलवे लाइन तक बनेगा नाला निरीक्षण के दौरान गोकुल अपार्टमेंट की बाउंड्रीवाल से रेलवे लाइन तक प्रस्तावित नाला निर्माण की भी जानकारी ली गई। नगर आयुक्त ने इस नाले का निर्माण जल्द शुरू कराकर समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर करने के लिए प्रस्तावित कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। कई गलियों में चल रहे नाला निर्माण का निरीक्षण नगर आयुक्त ने सीवरेज और जलनिकासी योजना के तहत चल रहे नाला निर्माण कार्यों का भी मौके पर निरीक्षण किया। पिनाकी राय के मकान से राजेश श्रीवास्तव, श्रीप्रकाश दुबे, कैलाश, विमल, सेवालाल और राजू के घरों की ओर जाने वाली विभिन्न गलियों में निर्माणाधीन नालों की स्थिति देखी गई। उन्होंने निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को जलनिकासी की समस्या से राहत मिल सके। सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन भी देखा निरीक्षण के दौरान वार्ड में सफाई व्यवस्था और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की स्थिति भी देखी गई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से वार्ड में नियमित सफाई और घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों को मौके पर ही दिए निर्देश निरीक्षण के दौरान पार्षद पवन सिंह, मुख्य अभियंता अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता अमरनाथ, जोनल अधिकारी संतोष गुप्ता, सहायक अभियंता जलकल राकेश यादव समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

