नागौर के गोगेलाव गांव में चोरों ने देर रात बाबा रामदेवजी के मंदिर को निशाना बनाया। चोर मंदिर का ताला तोड़कर चार चांदी के छत्र, चांदी का एक भाला और दानपात्र चोरी कर ले गए। सुबह पुजारी के मंदिर पहुंचने पर चोरी का पता चला। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, पुजारी रेखाराम सुबह मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। मंदिर में सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों और नागौर सदर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, चोर मंदिर से चार चांदी के छत्र, एक चांदी का भाला और दानपात्र चोरी कर ले गए। चोरी के बाद चोर मौके पर एक चश्मा और पचकेश छोड़ गए, जबकि मंदिर के तोड़े गए ताले भी अपने साथ ले गए। पहले शिव मंदिर में भी हुई थी चोरी ग्रामीणों का कहना है कि गोगेलाव में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। 7 अगस्त को गांव के शिव मंदिर में भी चोरों ने चोरी कर दानपात्र चुरा लिया था। ग्रामीणों के अनुसार, उस मामले का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। अब बाबा रामदेवजी के मंदिर में दोबारा चोरी होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से मंदिर चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस नागौर सदर थानाधिकारी किताब चौधरी ने बताया कि मंदिर में चोरी की रिपोर्ट मिली है। चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।

