तरनतारन जिले की हाई-सिक्योरिटी ‘सेंट्रल जेल गोइंदवाल’ में तैनात जेल अधिकारी के साथ मारपीट करने और उनकी वर्दी फाड़ने का गंभीर मामला सामने आया है। जेल प्रशासन की लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना गोइंदवाल साहिब की पुलिस ने दोनों आरोपी कैदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट ऑफ जेल केवल सिंह ने बताया कि जेल में बंद कैदी मनिंदर सिंह (पुत्र कुलवंत सिंह) और अर्जन सिंह (पुत्र काबल सिंह) ने ड्यूटी पर तैनात जेल अधिकारी दीपक कुमार के साथ अभद्रता की। बात बढ़ने पर दोनों कैदियों ने दीपक कुमार पर हमला कर दिया, उनसे मारपीट की और उनकी खाकी वर्दी फाड़ दी। घटना के तुरंत बाद जेल प्रशासन ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। थाना गोइंदवाल साहिब के सब-इंस्पेक्टर (SI) राजीव कुमार ने बताया कि जेल अधिकारी केवल सिंह की शिकायत के आधार पर आरोपी कैदियों मनिंदर सिंह और अर्जन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी जांच कर रही है।

