गोंडा की छपिया पुलिस ने बुधवार देर रात 11 बजे में मुठभेड़ के बाद एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में आरोपी तिलक राम उर्फ झिनकू के दाहिने पैर में गोली लगी जिसके बाद उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया ले जाया गया। बेहतर इलाजद के लिए उसे गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, 17,100 रुपए नकद, एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। इस गिरफ्तारी से छपिया थाना क्षेत्र में हुई दो, खोड़ारे में एक और देहात कोतवाली क्षेत्र में हुई एक, कुल चार चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। आरोपी तिलक राम उर्फ झिनकू पर 25 मई की प्राणदेई के घर में घुसकर मारपीट करने और नकदी व जेवरात चोरी करने का आरोप है। इसके अलावा, 28 जून की रात उसने एक अन्य घर में अकेली वृद्ध महिला को असलहे के बल पर धमकाकर और गला दबाकर सोने-चांदी के के जेवर लूटे थे। इन मामलों को लेकर छपिया पुलिस लगातार जांच कर रही थी।
बुधवार देर रात करीब 11 बजे संयुक्त पुलिस टीम बिरहीपुर बाग के पास चेकिंग कर रही थी, तभी आरोपी मोटरसाइकिल से आता दिखा। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपी भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी तिलक राम उर्फ झिनकू बस्ती जिले का गैंगस्टर भी है और उसके खिलाफ गोंडा व बस्ती में कुल 25 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार रजक ने बताया कि आरोपी द्वारा छपिया,खोण्डारे औऱ देहात कोतवाली क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। जिसकी तलाश पुलिस की टीम द्वारा की जा रही थी।

