गोंडा में कजरी तीज मेले को लेकर हाई अलर्ट:DM बोलीं- एंबुलेंस-मेडिकल टीमें तुरंत तैनात करें

गोंडा में कजरी तीज मेले को लेकर हाई अलर्ट:DM बोलीं- एंबुलेंस-मेडिकल टीमें तुरंत तैनात करें

गोंडा जिले में कल से शुरू हो रहे कजरी तीज मेले की तैयारियों को लेकर आज शनिवार दोपहर 2 बजे बैठक हुई। यह बैठक गोंडा पुलिस लाइन स्थित अमर शहीद राजेंद्र नाथ लाहिड़ी बहुउद्देशीय हॉल में हुई। इसमें जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ब्रीफिंग की। ब्रीफिंग के दौरान डीएम प्रियंका निरंजन ने सीएमओ गोंडा को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि हमको कोई बदमाशी नहीं चाहिए। सभी एंबुलेंस और मेडिकल टीम को तुरंत तैनात किया जाए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने जोर देकर कहा कि सभी एंबुलेंस और मेडिकल टीमें सक्रिय रहें। मोबाइल टीमें भी एक्टिव रहें। मेडिकल स्टोर पर जरूरी दवाएं उपलब्ध होनी चाहिए। सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पूरी सुविधाएं हों और सभी लोग अलर्ट मोड पर रहें। एसपी अभिषेक झा ने गोंडा और गोरखपुर जोन से आए पुलिसकर्मियों को भी ब्रीफ किया। उन्होंने कहा कि यह गोंडा ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश का एक बड़ा त्योहार है। सभी को बहुत संयम और सावधानी से सुरक्षा ड्यूटी करनी होगी। एसपी ने निर्देश दिए कि सुरक्षा ड्यूटी में लगे सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने पॉइंट पर मौजूद रहें। ड्यूटी पॉइंट पर न मिलने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ियों के साथ रास्ते में कोई विवाद न हो, इसका खास ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग गाड़ियों की छतों पर बैठकर यात्रा करते हैं, उन्हें रास्ते में रोककर समझाया जाए कि इससे दुर्घटना हो सकती है। रूट डायवर्जन का गंभीरता से पालन किया जाए और सभी सीसीटीवी कैमरों को आज ही चेक कर लिया जाए। मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहें। जलाभिषेक शुरू होने से खत्म होने तक सभी गतिविधियों पर पुलिस की पूरी नजर रहेगी। एसडीआरएफ टीम भी घाट पर पूरी तरह अलर्ट रहे और लोगों को नदी में उतरने न दे। बिजली विभाग को भी 24 घंटे बिजली सप्लाई देने के लिए कहा गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *