फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर देशभर में 3200 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी के आरोपी लविश चौधरी उर्फ नवाब के खिलाफ गोंडा में भी मुकदमा दर्ज हुआ है। नगर कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के जरिए छह गुना तक मुनाफा देने का झांसा देकर करीब पांच करोड़ रुपए जुटाने के आरोप में लविश चौधरी समेत पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मुकदमा 30 अगस्त को दो शिकायतकर्ताओं की तहरीर पर दर्ज किया गया था। इसकी जानकारी शनिवार रात करीब 9:30 बजे सामने आई। होटल में बुलाकर छह गुना मुनाफे का दिया भरोसा गोंडा के फिरोजपुर पूरे उदई निवासी वीरेंद्र प्रकाश पांडेय और बहराइच के चिलौली निवासी सच्चिदानंद पाठक ने 17 जून 2024 को एसपी को शिकायत दी थी। आरोप है कि कंपनी के ऑनलाइन ऐप और रोबोट के जरिए लोगों से निवेश कराया जाता था। निवेश की रकम पर कई गुना मुनाफे का भरोसा देकर उन्हें रकम लगाने के लिए तैयार किया गया। शिकायत के मुताबिक, 5 फरवरी 2024 को कथित एजेंट सरयू प्रसाद मिश्रा ने वीरेंद्र प्रकाश पांडेय को गोंडा के एक भाजपा नेता के होटल में बुलाया था। वहां निवेश पर करीब छह गुना मुनाफे का भरोसा दिया गया। इसके बाद लखनऊ के गोमतीनगर स्थित एक होटल में अन्य एजेंटों से मुलाकात कराई गई।
थाईलैंड और दुबई की यात्रा कराकर बढ़ाया भरोसा शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि निवेशकों को रिश्तेदारों और परिचितों को भी जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। एमटी फाइव टर्मिनल और यार्कर कैपिटल मार्केट लिमिटेड के ब्रोकर के जरिए कथित ट्रेडिंग दिखाकर निवेशकों का भरोसा बढ़ाया गया। डिमैट और बैंक खाते खुलवाने, केवाईसी कराने और जरूरत पड़ने पर आसानी से रकम निकालने का भरोसा दिया गया। शिकायत के अनुसार, निवेशकों का विश्वास मजबूत करने के लिए उन्हें थाईलैंड और दुबई की यात्रा तक कराई गई। शुरुआत में मुनाफा दिया, बाद में निकासी बंद शिकायत के मुताबिक, दोनों शिकायतकर्ताओं से करीब 25 लाख रुपए और उनके रिश्तेदारों व परिचितों से मिलाकर कुल करीब पांच करोड़ रुपए निवेश के नाम पर लिए गए। शुरुआत में कुछ समय तक मुनाफा दिया गया, लेकिन बाद में रकम की निकासी बंद कर दी गई। रकम वापस मांगने पर कंपनी बंद होने की बात कही गई। इसके बाद शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से कार्रवाई और रकम बरामद कराने की मांग की। पुलिस ने बैंक खातों, लेनदेन और कथित निवेश नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाल बोले- जांच के आधार पर होगी कार्रवाई नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक नितिन उपाध्याय को जांच सौंपी गई है। दोनों शिकायतकर्ताओं से साक्ष्य मांगे गए हैं। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि लविश चौधरी उर्फ नवाब फिलहाल दुबई में है और उसके खिलाफ भारत सरकार की ओर से भी कार्रवाई की जा रही है। जांच में यदि उसके खिलाफ आरोपों की पुष्टि होती है तो आगे की कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

