गोंडा में 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक झा ने रविवार देर शाम करीब 6 बजे गोंडा के एसपी का कार्यभार ग्रहण किया। बिजनौर से गोंडा पहुंचे अभिषेक झा को सर्किट हाउस में पुलिसकर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर पदभार संभाला और अधिकारियों के साथ बैठक की। पीड़ितों को न्याय दिलाना प्राथमिकता कार्यभार संभालने के बाद एसपी अभिषेक झा ने दोनों अपर पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभी कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभिषेक झा ने कहा कि गोंडा ऐतिहासिक और पौराणिक धरती है। उनकी पहली प्राथमिकता जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करना, पीड़ितों को न्याय दिलाना और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना है। उन्होंने कहा कि जिले में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम किया जाएगा और सभी पुलिसकर्मियों को भी इसी नीति के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। मल्टीनेशनल कंपनी की नौकरी छोड़ शुरू की सिविल सेवा की तैयारी अभिषेक झा मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले हैं। उनका जन्म 25 सितंबर 1988 को हुआ था। उनके पिता भारत भूषण झा बिहार में डीएम कार्यालय में क्लर्क रहे हैं, जबकि उनकी मां शिक्षिका थीं।अभिषेक झा ने बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी शुरू की थी। अच्छी सैलरी वाली नौकरी होने के बावजूद उन्होंने 2011 में नौकरी छोड़कर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। तीसरे प्रयास में वर्ष 2015 में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईपीएस बने। अयोध्या से बिजनौर तक संभाली जिम्मेदारी प्रशिक्षण के दौरान अभिषेक झा ने अयोध्या, झांसी, आगरा और अलीगढ़ में सेवाएं दीं। इसके बाद नोएडा में एडीसीपी क्राइम के पद पर तैनात रहे। 27 जून 2022 को उन्हें शामली का एसपी बनाया गया। 14 जुलाई 2024 से वह बिजनौर के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब शासन ने उन्हें गोंडा का एसपी बनाया है। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं अभिषेक झा को तेज-तर्रार पुलिस अधिकारी माना जाता है। उनके बारे में बताया जाता है कि वह पुलिसकर्मियों की लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाते हैं। बिजनौर में कार्यकाल के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई भी की थी। चार्ज लेने के बाद अधिकारियों से की मुलाकात गोंडा पहुंचने के बाद अभिषेक झा ने गोरखपुर पहुंचकर एडीजी गोरखपुर जोन से मुलाकात की। इसके बाद देवीपाटन रेंज पहुंचकर डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला और गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन से भी मुलाकात की।

