अलवर जिले के खेड़ली कस्बे के दांतिया गांव के पास पेट्रोल पंप और भूमिया मंदिर के बीच सोमवार दोपहर को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देव ऋषि गैस एजेंसी की गैस सिलेंडरों से भरी पिकअप ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में दांतिया निवासी 32 वर्षीय लवकुश पुत्र बीरबल की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, लवकुश बाइक से खेती से संबंधित कागजात पटवारी को देने के लिए खेड़ली आ रहा था। इसी दौरान दांतिया की ओर से खेड़ली आ रही गैस सिलेंडरों से भरी पिकअप ने रॉन्ग साइड में लापरवाही से चलाते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर खेड़ली पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौका देखकर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। मृतक लवकुश भिवाड़ी की एक कंपनी में काम करता था। वह दो बहनों के बीच इकलौता भाई था।

