गैंगस्टर नीरज राणा पकड़ा, स्पॉट पर लेकर पहुंची पुलिस:प्रॉपर्टी डीलर के नाबालिग बेटे से गुंडा टैक्स नहीं मिलने पर किया था हमला

गैंगस्टर नीरज राणा पकड़ा, स्पॉट पर लेकर पहुंची पुलिस:प्रॉपर्टी डीलर के नाबालिग बेटे से गुंडा टैक्स नहीं मिलने पर किया था हमला

ग्वालियर की बिजौली थाना पुलिस ने रविवार को गुंडा टैक्स मांगने और न देने पर नाबालिग से मारपीट व उसकी कार में तोड़फोड़ करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी नीरज उर्फ राज राणा (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे गांव के आसपास घेराबंदी कर पकड़ा। मामले में उसके दो साथी जुल्मी जाट और धीरज राणा पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। बिजौली थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव के मुताबिक, रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वारंटी और फरार चल रहा नीरज राणा अपने गांव के आसपास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गुलाबपुरी, बड़ागांव मुरार का रहने वाला है। एक महीने पहले नाबालिग से मांगी थी रंगदारी
करीब एक महीने पहले आरोपियों ने एक प्रॉपर्टी कारोबारी के नाबालिग बेटे को घेरकर गुंडा टैक्स मांगा था। पैसे देने से इनकार करने पर नीरज राणा और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया था। आरोपियों ने उसकी कार में भी तोड़फोड़ की थी। शिकायत पर बिजौली पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। घटना स्थल पर कराया सीन रीक्रिएशन
सोमवार सुबह पुलिस आरोपी को घटना स्थल पर लेकर पहुंची, जहां सीन रीक्रिएशन कराया गया। पुलिस के मुताबिक, जिस जगह आरोपी ने वारदात को अंजाम देकर दहशत फैलाई थी, वहीं उसे पैदल ले जाकर घटनाक्रम समझा गया। इस दौरान आरोपी लंगड़ाकर चलता नजर आया। आरोपी पर 15 से ज्यादा मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, नीरज राणा और उसके गिरोह के खिलाफ मुरार, बिजौली, चीनौर समेत अलग-अलग थानों में 15 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, फायरिंग और मारपीट जैसी वारदातें शामिल हैं। पत्रकार पर जानलेवा हमला: पिछले साल नीरज राणा ने पत्रकार शिवम आर्य को बंधक बनाकर रातभर पीटा था। इसके बाद बिजौली क्षेत्र की एक पहाड़ी पर ले जाकर उनके सिर में गोली मार दी थी। इलाज के बाद पत्रकार की जान बच गई। लड़की के घर के बाहर फायरिंग: कुछ महीने पहले गिरोह ने मुरार के आजाद नगर में एक लड़की को परेशान करने के बाद उसके घर के बाहर फायरिंग की थी। चीनौर में फायरिंग: मुरार में गोलीबारी के अगले दिन पुलिस से बचते हुए आरोपियों ने चीनौर क्षेत्र में भी फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। दो साथी पहले ही गिरफ्तार
इस मामले में जुल्मी जाट और धीरज राणा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब नीरज राणा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *