अमृतसर में आज पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू और अभिनेत्री जैस्मिन भसीन सचखंड श्री दरबार साहिब पहुंचे। दोनों कलाकारों ने गुरु घर में माथा टेका और अपनी आने वाली फिल्म की सफलता के साथ-साथ सरबत के भले की अरदास की। इस दौरान उन्होंने गुरबाणी कीर्तन का श्रवण किया और कुछ समय परिक्रमा में भी बिताया। गुलाब सिद्धू ने बताया कि उनकी फिल्म 21 अगस्त को रिलीज होने जा रही है। फिल्म की सफलता के लिए वह पूरी टीम के साथ गुरु घर का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में बतौर अभिनेता यह उनका डेब्यू है। शूटिंग के शुरुआती दिनों में उन्हें कैमरे के सामने काम करने में थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन कुछ दिनों बाद वह सहज हो गए। गुलाब सिद्धू ने फिल्म में अपने किरदार को लेकर बताया कि वह अपनी मां से बेहद प्यार करने वाले बेटे की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में दोस्ती, भाईचारे और लव स्टोरी के साथ-साथ कई कहानियां देखने को मिलेंगी। उन्होंने दावा किया कि फिल्म में दर्शकों के लिए काफी सस्पेंस भी मौजूद है। उन्होंने अपने वजन को कम करने के लिए की गई मेहनत का भी जिक्र किया और बताया कि वह सुबह दौड़ लगाया करते थे। वहीं, सिद्धू मूसेवाला को याद करते हुए गुलाब सिद्धू भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला एक बहुत बड़ा ग्लोबल स्टार था और उसकी कमी पूरी जिंदगी महसूस होती रहेगी। उन्होंने कहा कि सिद्धू की कमी केवल उनके परिवार को ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी महसूस होगी। गुलाब सिद्धू ने बताया कि सिद्धू मूसेवाला से उनकी मुलाकात उसकी मौत से करीब 20 दिन से एक महीने पहले हुई थी। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी में सिद्धू मूसेवाला का आना भी गुरु महाराज की बख्शिश थी और आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें गुरु की कृपा का बड़ा योगदान है।

