गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने घरेलू झगड़े में अपनी पत्नी को दूसरी मंजिल से धक्का दे दिया। इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने अब पति को हत्या के आरोप में अरेस्ट कर लिया है। आरोपी की पहचान साधु नगर, मेरठ के रहने वाले धर्मेन्द्र उर्फ आकाश (30 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि मृतका पल्लवी यादव तथा आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ आकाश की लव मैरिज दिसंबर 2024 में हुई थी। दोनों गुरुग्राम में अलग-अलग प्राइवेट कंपनियों में नौकरी करते थे। सात अक्टूबर की रात को आकाश शराब पीकर घर आया। जिसके बाद दोनों में झगड़ा हो गया। इसी झगड़े में आपसी कहासुनी होने पर आरोपी ने पल्लवी के साथ मारपीट की और उसे बालकनी से नीचे फर्श पर धक्का दे दिया, पल्लवी के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। मेरठ में इलाज के दौरान मौत
आठ अक्टूबर को थाना सेक्टर-14 में घटना की जानकारी मिली कि एक महिला छत से गिरकर घायल होकर हॉस्पिटल में भर्ती हुई है। सूचना पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची जहां पर पता चला कि घायल महिला को मेरठ स्थित अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मां ने दर्ज कराई एफआईआर मृतका की माता ने इस संबंध में पुलिस टीम को शिकायत दी कि उनके दामाद धर्मेंद्र उर्फ आकाश ने आपसी कहासुनी और मारपीट के बाद इसकी बेटी पल्लवी यादव को आचार्यपुरी स्थित मकान की दूसरी मंजिल की बालकनी से नीचे धक्का दे दिया। इस घटना में गंभीर चोट लगने के कारण पल्लवी को पहले सिविल अस्पताल व आर्टिमिस अस्पताल और बाद में मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। जिस पर पुलिस आरोपी आकाश को मेरठ से अरेस्ट कर लिया है। पुलिस ने कोर्ट में पेश कर आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है।

