गुरुग्राम में द्वारका-एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत:पिता की मौत के बाद बरेली जा रहे थे, तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी को टक्कर मारी

गुरुग्राम में द्वारका-एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत:पिता की मौत के बाद बरेली जा रहे थे, तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी को टक्कर मारी

गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति और उसके दस साल के भतीजे की मौत हो गई। वे एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर स्कूटी से अपने पैतृक गांव बरेली जा रहे थे। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। यह हादसा सेक्टर-99 के पास हुआ है। सूचना मिलते ही सेक्टर-93 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 32 वर्षीय शहादत अली और उसके 10 वर्षीय भतीजे अमजद के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह शहादत को सूचना मिली थी कि उनके पिता की मौत हो गई है। वह अपने दस साल के भतीजे अमजद को साथ लेकर बरेली स्थित अपने घर के लिए निकले थे। जैसे ही वे द्वारका एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर सेक्टर-99 के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया टक्कर इतनी भीषण थी कि चाचा-भतीजे स्कूटी सहित सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को देख राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चोटें बेहद गंभीर होने के कारण अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दो साल पहले ही काम के सिलसिले में आया था हादसे की खबर सुनते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि मृतक शहादत अली करीब दो साल पहले ही उत्तर प्रदेश से गुरुग्राम आया था। वह गुरुग्राम के वजीरपुर इलाके में किराए का कमरा लेकर रहता था। शहादत यहां अपने एक करीबी रिश्तेदार के स्क्रैप के व्यापार में हाथ बंटाता था और उसी काम से अपने परिवार का गुजारा कर रहा था। अज्ञात वाहन की तलाश कर रही पुलिस सेक्टर-93 चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। चूंकि हादसा द्वारका एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर हुआ है, इसलिए पुलिस आरोपी की पहचान करने के लिए एक्सप्रेसवे और आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन की पहचान कर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *