गुरुग्राम में व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से एक व्यक्ति से 3 करोड़ 26 लाख 40 हजार रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए, पुलिस आयुक्त साइबर क्राइम गुरुग्राम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की और आरोपी मालीराम मीणा (32 वर्ष) को 11 अगस्त को जयपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी केवल 10वीं पास है और जयपुर में चाय की दुकान चलाता है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित से ठगी गई कुल राशि में से 24 लाख रुपए सबसे पहले शाइन एंटरप्राइज नामक फर्म के बैंक खाते में स्थानांतरित किए गए थे। इसके बाद, इस राशि में से 6 लाख 60 हजार 2 रुपए मुकेश चाय वाला प्राइवेट लिमिटेड के एक्सिस बैंक खाते में भेजे गए। फर्म का खाता 1.40 लाख रुपए में बेचा जांच में सामने आया कि यह बैंक खाता आरोपी मालीराम मीणा के नाम पर था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपनी चाय की दुकान के नाम पर यह फर्म बनाई थी। उसने अधिक पैसों के लालच में आकर अपना बैंक खाता एक अन्य व्यक्ति को 1 लाख 40 हजार रुपए में बेच दिया था, जिसका इस्तेमाल साइबर अपराधियों ने ठगी की रकम के लिए किया। पुलिस ने आरोपी मालीराम मीणा को आज कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपी से ठगी गई राशि की बरामदगी, खाते के जरिए हुए अन्य वित्तीय लेन-देन और इस साइबर अपराध नेटवर्क से जुड़े अन्य सह-आरोपियों के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है।


