गुरदासपुर के ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री टाहली साहिब कॉरिडोर रोड पर एक सड़क हादसा हुआ। बजरी से लदा एक टिपर बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ट्रक चालक कुलजीत सिंह ने बताया कि वह गुरुद्वारा श्री टाहली साहिब से कलानौर की ओर जा रहा था। तभी टिपर के स्टीयरिंग का नट निकल गया, जिससे उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और टिपर सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे में बिजली का खंभा टूट गया। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई पैदल यात्री मौजूद नहीं था, जबकि आमतौर पर इस मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। चालक कुलजीत सिंह भी सुरक्षित रहे। घटना की सूचना मिलने पर बिजली विभाग के अधिकारी सुरिंदर शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने ट्रक मालिक से संपर्क किया है और हुए नुकसान की भरपाई ट्रक मालिक द्वारा की जाएगी।

