गुरदासपुर जिले की अनाज मंडियों में धान की आवक और खरीद का सिलसिला जारी है। 12 अक्टूबर तक जिले की विभिन्न मंडियों में 2,29,421 मीट्रिक टन धान पहुंच चुका है। इसमें से विभिन्न खरीद एजेंसियों की ओर से 2,03,535 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। वहीं, खरीदी गई फसल के बदले किसानों को अब तक 403.14 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। डिप्टी कमिश्नर आदित्य उप्पल ने बताया कि जिले में धान की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। प्रशासन की ओर से मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए जरूरी प्रबंध किए गए हैं, ताकि उन्हें अपनी फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी खरीदी गई फसल की राशि समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डीसी ने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में निर्धारित मानकों के अनुसार धान लेकर आएं। धान में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित नमी वाला सूखा धान मंडियों में लाने से खरीद प्रक्रिया में तेजी आएगी और किसानों को फसल बेचने में अनावश्यक देरी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिले की मंडियों में करीब 7,85,520 मीट्रिक टन धान की आवक डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इस सीजन में जिले की मंडियों में करीब 7,85,520 मीट्रिक टन धान पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए प्रशासन और संबंधित खरीद एजेंसियों की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया पर लगातार नजर रखने और किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

