अशोकनगर के शाढ़ौरा में नईसराय रोड रेलवे फाटक के पास लोगों ने चोरी का ट्रैक्टर पकड़कर दो युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर की जांच की तो उसके गुना के कैंट थाना क्षेत्र से चोरी होने की पुष्टि हुई। इसके बाद शाढ़ौरा पुलिस ने दोनों युवकों को ट्रैक्टर समेत कैंट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार, गुना निवासी शशिभूषण रघुवंशी ने 2 अक्टूबर को महिंद्रा 275 ट्रैक्टर चोरी होने की रिपोर्ट कैंट थाने में दर्ज कराई थी। कैंट पुलिस ने शाढ़ौरा पुलिस को भी ट्रैक्टर चोरी की जानकारी दी थी। दोनों थाना क्षेत्रों की सीमा आपस में लगी होने के कारण शाढ़ौरा पुलिस भी ट्रैक्टर की तलाश कर रही थी। फाटक के पास लोगों ने पहचान लिया नईसराय रेलवे फाटक के पास मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर को देखा तो उसे चोरी का होने की आशंका हुई। इसी दौरान पुलिस को भी ट्रैक्टर के फाटक के आसपास होने की सूचना मिली। शाढ़ौरा पुलिस मौके पर पहुंची और सोनू कोरी निवासी छैलाबाग, अशोकनगर और साहिल कोरी निवासी फरदाई को ट्रैक्टर समेत पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक ट्रैक्टर से मिक्सर मशीन लेकर जा रहे थे। ट्रैक्टर और दोनों युवकों को आगे की कार्रवाई के लिए कैंट थाना पुलिस गुना के सुपुर्द कर दिया गया। कार्रवाई में शाढ़ौरा थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील सिकरवार, एएसआई मनीराम जाटव और प्रधान आरक्षक महावीर औझा की भूमिका रही।

