गुजरात की 6 ‘डमी पार्टियों’ को 5500 करोड़ चंदा:संजय सिंह बोले- लोकसभा में  सिर्फ 15 कैंडिडेट लड़े, फिर इतना चंदा कैसे मिला?

गुजरात की 6 ‘डमी पार्टियों’ को 5500 करोड़ चंदा:संजय सिंह बोले- लोकसभा में  सिर्फ 15 कैंडिडेट लड़े, फिर इतना चंदा कैसे मिला?

आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर भ्रष्टाचार, सांप्रदायिक ध्रुवीकरण और दलित-पिछड़ा विरोधी राजनीति के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने गुजरात में पंजीकृत छह राजनीतिक दलों को मिले करीब 5500 करोड़ रुपए के चंदे का मुद्दा उठाते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। संजय सिंह ने दावा किया कि इन छह पार्टियों ने लोकसभा में कुल 15 उम्मीदवार उतारे थे। बावजूद उन्हें हजारों करोड़ रुपए का चंदा मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि ये पार्टियां वास्तव में भाजपा की ‘डमी पार्टियां’ हैं और इनके जरिए काले व विदेशी धन को सफेद करने का खेल चल रहा है। 6 पार्टियां की जमीनी पर कोई वजूद नहीं, चंदा कहां से मिला संजय सिंह ने कहा कि गुजरात में पंजीकृत आम जनमत पार्टी, सत्यवादी रक्षक पार्टी, स्वतंत्रता अभिव्यक्ति पार्टी, न्यू इंडिया यूनाइटेड पार्टी, भारतीय नेशनल जनता दल और गरीब कल्याण को वित्तीय वर्ष 2023-24 में कुल करीब 5500 करोड़ रुपए का चंदा मिला। सवाल किया कि इन राजनीतिक दलों का कोई खास राजनीतिक वजूद नहीं फिर भी उन्हें इतना चंदा देने वाले कहां से आ गए? उन्होंने आरोप लगाया कि यह पैसा इन पार्टियों के पास नहीं, बल्कि इनके माध्यम से भाजपा तक पहुंचा। चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इन पार्टियों के वित्तीय लेनदेन की जांच करानी चाहिए। चुनाव से पहले माहौल बिगाड़ना चाहती है भाजपा संजय सिंह ने सहारनपुर में 1911 में बनी मस्जिद गिराए जाने के मामले में आरोप लगाया कि जब भी भाजपा को उत्तर प्रदेश में अपनी जमीन खिसकती दिखाई देती है, वह सांप्रदायिक मुद्दों को हवा देती है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है, ताकि हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण के जरिए राजनीतिक फायदा उठाया जा सके। संजय सिंह ने दावा किया इतनी पुरानी मस्जिद को गिराया जाना Places of Worship Act और ‘वक्फ बाय यूजर’ से जुड़े प्रावधानों के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से इस मामले में जवाब मांगा। राम मंदिर ट्रस्ट से दलित सदस्य को हटाकर अपनों को बांटे पद संजय सिंह ने अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट में हुई नियुक्तियों को लेकर भी पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट में दलित समाज से आने वाले सदस्य को कार्यवाह महासचिव पद से हटा दिया। उम्मीद थी कि कोषाध्यक्ष ही बनाएंगे। वो पद भी आरएसएस से जुड़े महेश भागचंदका को दे दिया गया। खुद कोषाध्यक्ष रहते हुए कोष की रक्षा ना कर पाने वाले गोविंद देव गिरी को महासचिव बना दिया गया। जिसे सीईओ बनाया गया, उनका मीडिया से पहले दिन का व्यवहार देखकर लगता है कि वे चंपत पार्ट–टू साबित होंगे। AAP सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा और RSS राम मंदिर ट्रस्ट पर अपना नियंत्रण बनाए रखना चाहते हैं। उन्होंने ट्रस्ट से जुड़े पुराने जमीन विवादों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि आज तक उनकी शिकायतों को नहीं सुना गया। आखिरी रास्ता कोर्ट का बचा है। 68,500 शिक्षक भर्ती में OBC आरक्षण का मुद्दा उठाया संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश की 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में OBC आरक्षण के साथ अन्याय हुआ और पिछड़ा वर्ग आयोग के निर्देशों के बावजूद अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि लखनऊ के ईको गार्डन में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के साथ आम आदमी पार्टी खड़ी है। पार्टी इस मामले को संसद में भी उठाएगी। 9 सितंबर को लखनऊ में AAP की बड़ी बैठक प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने पार्टी के आगामी कार्यक्रम की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को लखनऊ में आम आदमी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक में प्रदेश के सभी जिलाध्यक्ष, सह-प्रभारी और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसमें उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *