गाजीपुर में बाल काव्य पाठ प्रतियोगिता:स्कूल में विजेता सम्मानित हुए, साहित्य उन्नयन संघ ने बांटा पुरस्कार

गाजीपुर में बाल काव्य पाठ प्रतियोगिता:स्कूल में विजेता सम्मानित हुए, साहित्य उन्नयन संघ ने बांटा पुरस्कार

गाजीपुर में हिंदी दिवस के अवसर पर 14 सितंबर को तुलसी सागर, गाजीपुर स्थित कृष्णा पब्लिक स्कूल में साहित्य उन्नयन संघ, गाजीपुर जिला इकाई के तत्वावधान में बाल काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी काव्य प्रतिभा एवं मंचीय अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को दो वर्गों में आयोजित किया गया। ज्येष्ठ वर्ग में शंभवी सिंह ने प्रथम, उत्कृष्ट ने द्वितीय तथा वैष्णवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कनिष्ठ वर्ग में वेद मिश्रा ने प्रथम, देवांश मौर्य ने द्वितीय तथा वंदिता सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागी बच्चों को सम्मान पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। बच्चों को पुरस्कार आशुतोष सिंह, विद्यालय प्रबंधक एवं संयुक्त मंत्री, साहित्य उन्नयन संघ द्वारा प्रदान किए गए। विद्यालय के शिक्षकों द्वारा प्रतिभागी बच्चों को स्मृति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर लगभग 40 बच्चों को कॉपी, पेन एवं पेंसिल प्रदान की गई। आयोजकों ने कहा कि बच्चों को प्रोत्साहित करने का यह प्रयास कृष्णा पब्लिक स्कूल और साहित्य उन्नयन संघ की गाजीपुर इकाई को और अधिक सशक्त एवं अग्रसर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि, आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा मंचीय अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना रहा। आयोजन में बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने हिंदी दिवस के अवसर को और भी विशेष बना दिया। इस मौके पर आनंद प्रकाश मिश्रा, मनीषा गुप्ता, अनुप्रिया तिवारी, ज्योति ठाकुर, शीतल बलवंत, सानंदिता, कृतिका सिंह एवं सोनी सिंह आदि शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोगियों के रूप में त्रिभुवन वर्मा, अश्वनी सिंह एवं बबिता का विशेष सहयोग रहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *