झालावाड़ में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। मिनी सचिवालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। स्काउट गाइड के सीओ स्काउट रामकृष्ण शर्मा व कृष्ण मोहन देवड़ा के नेतृत्व में रामधुन और गांधीजी के प्रिय भजन गाए गए। अधिकारियों ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा और सद्भाव के संदेश को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखा। कार्यक्रम में गांधीजी के आदर्शों को अपनाने और समाज की कुरीतियों को खत्म करने का संदेश भी दिया गया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीना, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी पवन पाटीदार, जिला खेल अधिकारी डॉ. कृपाशंकर शर्मा, शारीरिक शिक्षक अलीम बेग समेत कई विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्काउट-गाइड शामिल थे।

