शासन ने मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसमें नया मुरादाबाद में गांगन नदी पर एक डबल लेन पुल बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन की मंजूरी के साथ ही साफ हो गया है कि जीरो प्वाइंट से ईको हर्बल पार्क होते हुए जा रहे 60 मीटर चौड़े महायोजना मार्ग में बीच में आ रही गांगन नदी पर अब दो पुल बनेंगे। जिनकी चौड़ाई फुटपाथ समेत 9-9 मीटर होगी और इन्हें बनाने का खर्च करीब 24 करोड़ रुपए आएगा। ये पुल करीब 180 मीटर लंबे होंगे। गांगन नदी पर पुल नहीं होने की वजह से मुरादाबाद में नया मुरादाबाद योजना के अन्तर्गत दिल्ली रोड, जीरो पाइन्ट से ईको हर्बल पार्क होते हुए, शिवालिक योजना के मध्य से रिंग रोड को जोड़ने वाले 60 मी० चौड़ा महायोजना मार्ग ठप पड़ा था। लेकिन गांगन नदी पर पुल बन जाने के बाद अब यह रिंग रोड शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली की तरफ आकर सीधे हरिद्वार रोड (कांठ रोड) को जाने वाले लोगों को पुल बनने के बाद शहर आने की जरूरत नहीं होगी। लोग सीधे दिल्ली रोड पर जीरो प्वाइंट से नया मुरादाबाद के 60 मीटर चौड़े महायोजना मार्ग से होते हुए गांगन के ऊपर से आगे सीधा शिवालिक टाउनशिप को क्रॉस करते हुए नई तहासील और अकबर किले पर जा सकेंगे।
दरअसल वर्तमान में दिल्ली रोड स्थित जीरो पाइन्ट से शहर में आने वाला समस्त यातायात, मझोला (पुराने एन0एच0- 24) होते हुए गांगन नदी का सेतु पार कर गुजरता है। गांगन तिराहे से लाकड़ी की ओर से आने वाले इंडस्ट्रियल यातायात एवं सघन आबादी की वजह से अधिकतर जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रस्तावित सेतु के बन जाने से पुराने एन०एच०- 24 पर यातायात का दबाब अत्याधिक कम हो जाएगा तथा एम०डी०ए०, कांठ रोड, तहसील सदर सीधे जाने के लिए एक वैकल्पिक मार्ग भी बन जाएगा। इसके अलावा, सेतु के निर्माण से दिल्ली रोड स्थित प्राइवेट टाउनशिप तथा प्राधिकरण योजना के आवंटियों सहित आसपास परिक्षेत्र के निवासियों को कांठ रोड तथा रामपुर, बरेली जाने के लिए रिंग रोड पर पहुंचने की सहज कनेक्टिविटी मिल जाएगी।
जिससे एक घने क्षेत्र में वाहन जनित प्रदूषण में भारी कमी भी संभावित है | कांवड़ यात्रा के दौरान भी शहर को जाम मुक्त रखने के लिए यह प्रस्तावित सेतु एक महत्वांकाक्षी परियोजना है। शिवालिक योजना के मध्य से रिंग रोड को जोड़ने वाले 60 मी० चौड़े महायोजना मार्ग पर प्रस्तावित गांगन नदी सेतु के निर्माण के लिए एमडीए अधिकारियों ने परियोजना रिपोर्ट तैयार कराते हुए स्वीकृति के लिए शासन को भेजी थी। मुरदाबाद में नया मुरादाबाद योजना के अन्तर्गत दिल्ली रोड जीरो पाइन्ट से ईको हर्बल पार्क होते हुए शिवालिक योजना को जाने वाला 60 मी0 चौड़ा महायोजना मार्ग पर स्थित गांगन नदी पर 9.00 मी० ( फुटपाथ सहित ) सेतु प्रस्तावित है। एमडीए ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि, 179.040 मी0 लम्बाई के 02 सेतु की आवश्यकता होगी, जिसके अनुमानित लागत लगभग रू0 42.00 करोड़ आएगी। इसका प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाकर स्वीकृति के लिए शासन को प्रेषित किया गया था।
शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के मानक मद -30 “निवेश ऋण निर्माण कार्य के अंतर्गत, प्राधिकरणों के विकास क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं के विकास” में जनपद मुरादाबाद में नया मुरादाबाद योजना के अन्तर्गत दिल्ली रोड, जीरो पाइन्ट से ईको हर्बल पार्क होते हुये, शिवालिक योजना के मध्य से रिंग रोड को जोड़ने वाले 60 मी० चौड़ा महायोजना मार्ग पर स्थित गांगन नदी सेतु का निर्माण कार्य को विभागीय कार्य योजना में सम्मिलित कर लिया गया है।
वीसी अनुभव सिंह का कहना है कि शीघ्र ही औपचारिक स्वीकृति एवं वित्त-पोषण हेतु सेतु निर्माण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शासन को प्रेषित की जाएगी।

