शाजापुर जिले में शुक्रवार को गणेश विसर्जन के दौरान लखुंदर नदी की जादमी पुलिया के पास रास्ता देने की बात को लेकर एक ही समाज के दो गुटों में खूनी झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लात-घूंसे चलने लगे और जमकर मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो शनिवार को सामने आया है, जिसमें पुलिस कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद युवक आपस में मारपीट करते दिख रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए लालघाटी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। विवाद की तीन तस्वीरें देखिए- पहला पक्ष स्टेशन चौराहा निवासी बलराज (24 वर्ष, पिता भगवान सिंह सोराष्ट्रीय) की शिकायत पर 3 लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि रास्ते से निकलने की बात पर गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। दूसरा पक्ष चोबदारबाड़ी निवासी अविनाश (32 वर्ष, पिता संतोष घारवे) की शिकायत पर पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने क्या कहा? लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे ने बताया कि विसर्जन के दौरान रास्ते को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

