Cheesecake Modak Recipe: गणेश चतुर्थी आने में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं, इसलिए बाजार से लेकर घर तक बप्पा के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ऐसे में अगर आप इस साल बप्पा के स्वागत में पारंपरिक मोदक के साथ कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो मास्टरशेफ का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा चीजकेक मोदक बना सकते हैं, जिसे अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने भी काफी पसंद किया था।
चीजकेक मोदक बनाने के लिए सामग्री
मोदक के आटे के लिए
- 1 कप पानी
- 1 छोटा चम्मच घी
- चुटकी भर नमक
- 1 कप चावल का आटा
कैरामेलाइज्ड खोया के लिए
- 1 छोटा चम्मच घी
- खोया
- कोकोनट शुगर
बेरी कॉम्पोट के लिए
- मिश्रित बेरीज
- चीनी
क्रीम चीज फिलिंग के लिए
- क्रीम चीज
- पिसी हुई चीनी
- इलायची पाउडर
- चक्रफूल पाउडर
- सूखा नारियल
चीजकेक मोदक बनाने के लिए फॉलो करें ये स्टेप्स
- चीजकेक मोदक बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में पानी उबालें। इसमें घी और चुटकी भर नमक डालें। अब चावल का आटा डालकर अच्छी तरह मिलाएं और पैन को ढककर 5 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद आटे को 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह गूंथें और 15 मिनट के लिए रख दें।
- कैरामेलाइज्ड खोया बनाने के लिए पैन में घी गर्म करें और इसमें चूरा किया हुआ खोया डालें। खोया को तब तक पकाएं, जब तक वह पैन में चिपकने और भूरा होने लगे। अब इसमें स्वादानुसार नारियल की चीनी डालें और तब तक पकाएं, जब तक खोया गहरा, चिपचिपा और कैरामेलाइज्ड न हो जाए। इसके बाद इसे ठंडा होने दें।
- बेरी कॉम्पोट बनाने के लिए मिश्रित बेरीज और चीनी को पैन में डालकर पकाएं, जब तक इसका मिश्रण गाढ़ा और जैम जैसा न हो जाए।
- क्रीम चीज फिलिंग बनाने के लिए क्रीम चीज, पिसी हुई चीनी, इलायची पाउडर, चक्रफूल पाउडर और सूखे नारियल को एक साथ अच्छी तरह फेंटें, जब तक मिश्रण मुलायम और क्रीमी न हो जाए।
- अब मोदक के सांचे पर घी लगाएं और उसमें तैयार चावल के आटे की पतली परत फैलाएं। इसके अंदर कैरामेलाइज्ड खोया, क्रीम चीज फिलिंग और बेरी कॉम्पोट की परत रखें। मिश्रण को हल्के हाथ से दबाएं और मोदक को अच्छी तरह बंद कर दें।
- तैयार मोदक को 15 से 20 मिनट तक भाप में पकाएं। पकने के बाद इसे बाहर निकालें और ऊपर से थोड़ा बेरी कॉम्पोट और घी डालकर सर्व करें।
डिस्क्लेमर: यह चीजकेक मोदक पारंपरिक भोग का विकल्प नहीं है। इसे मोदक इंस्पायर्ड रेसिपी के रूप में ही लें।

