राजकीय मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में गणेश चतुर्थी का त्योहार हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें नर्सिंग कॉलेज के स्टाफ, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उत्सव की शुरुआत भगवान श्री गणेश की विशेष पूजा-अर्चना और हवन के साथ हुई। मंत्रोच्चार के बीच सभी ने यज्ञ-हवन में आहुतियां देकर सुख, समृद्धि और आरोग्य की कामना की। इसके बाद गणपति जी की भव्य आरती की गई, जिसमें पूरा परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा। आरती के बाद सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान के बाद कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने बप्पा के भजनों पर सामूहिक नृत्य और गीतों की प्रस्तुति से समां बांध दिया। इस दौरान चारों तरफ उत्साह का माहौल रहा और सभी ने झूमकर खुशियां मनाईं। कॉलेज प्रशासन और फैकल्टी मेंबर्स ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना की और सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।

