IAS Tukaram Mundhe Maharashtra FDA: महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने गणेशोत्सव के दौरान फूड सेफ्टी और साफ-सफाई के नियमों को नजरअंदाज करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने बताया कि त्योहारों के मौसम में सघन निरीक्षण अभियान के तहत 184 फूड लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं, जबकि गंभीर उल्लंघन करने वाले ऑपरेटरों के 12 लाइसेंस हमेशा के लिए रद्द कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान टीम ने 21,000 किलोग्राम से ज्यादा घटिया और असुरक्षित फ़ूड प्रोडक्ट जब्त किए और उन्हें बाजार में बिकने से रोका।
2,200 से ज्यादा औचक निरीक्षण किए गए
तुकाराम मुंडे ने बताया कि महाराष्ट्र ने अब पूरे साल के लिए एक स्थायी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) अपनाया है, जिसने पहले की अस्थायी व्यवस्थाओं की जगह ले ली है। यह सिस्टम किसी भी धार्मिक या क्षेत्रीय त्योहार के शुरू होने से 21 दिन पहले से लेकर उसके खत्म होने के 30 दिन बाद तक लागू रहता है।
तुकाराम मुंडे ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान FDA टीमों ने राज्य भर में 2,200 से ज्यादा प्रतिष्ठानों और स्टोरेज सुविधाओं का औचक निरीक्षण किया। कमियों को दूर करने के लिए 1,069 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा, 347 कंपाउंडिंग मामलों को सुलझाया गया, जिससे कुल मिलाकर लगभग 39 लाख का जुर्माना वसूला गया।
हर शिकायत पर विभाग करता है कार्रवाई: तुकाराम मुंढे
रेस्टोरेंटों में गंदगी और कीड़े मिलने से जुड़े सोशल मीडिया वीडियो पर कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने साफ किया कि विभाग हर शिकायत पर तुरंत ध्यान देता है। हाल ही में एक डॉक्टर द्वारा एक होटल में उजागर की गई खामियों जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि FDA टीम ने उस जगह का निरीक्षण किया और बड़ी खामियां पाई गईं। इसके बाद होटल का लाइसेंस सस्पेंड करने की आधिकारिक सिफारिश सेंट्रल लाइसेंसिंग अथॉरिटी को भेज दी गई है।
तुकाराम मुंडे ने नागरिकों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने के अलावा विभाग के आधिकारिक पोर्टल (complaints.mahafda.in) पर भी शिकायतें दर्ज करें, ताकि सीधे ट्रैकिंग और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
दवा सेक्टर पर भी हंटर, 900 से अधिक ड्रग लाइसेंस निलंबित
फूड सेफ्टी के साथ-साथ FDA ने दवाओं के रेगुलेशन को लेकर भी सख्त कदम उठाए हैं। कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने बताया कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के नियमों को सख्ती से लागू किया जा रहा है। मेडिकल स्टोर, दवा कंपनियों, थोक विक्रेताओं, ब्लड सेंटरों और कॉस्मेटिक यूनिट्स से लिए गए सैंपल की जांच के बाद 900 से ज्यादा दवा लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं, जबकि कई प्रोडक्ट्स और मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों के लाइसेंस पूरी तरह रद्द कर दिए गए हैं। इसके अलावा, बच्चों के पोषण को बेहतर बनाने के लिए राज्य के 1.08 लाख स्कूलों में से 68000 स्कूलों को संतुलित आहार नीति के तहत जरूरी ट्रेनिंग दी गई है।

