खैरथल में जमीन विवाद के दौरान रिटायर्ड Subedar की हत्या, पांच आरोपियों पर FIR

खैरथल में जमीन विवाद के दौरान रिटायर्ड Subedar की हत्या, पांच आरोपियों पर FIR

राजस्थान के खैरथल जिले के खरोला गांव में जमीन विवाद को लेकर भारतीय सेना के एक सेवानिवृत्त सूबेदार की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शेर सिंह गुर्जर के रूप में हुई है।

उनके बेटे कृष्ण कुमार की शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को सेटेलाइट अस्पताल के बाहर धरना दिया और हरसोली रोड पर करीब एक घंटे तक जाम लगाया। खैरथल के थानाधिकारी रामकिशन यादव ने बताया कि शिकायत के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे नरेश नाम का व्यक्ति शेर सिंह को खेत दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया।

वहां पहले से मौजूद मोतीलाल, रमेश, कन्हैया, संजय और धर्मपाल ने कथित तौर पर शेर सिंह के साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया कि शोर सुनकर जब वह मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। उन्होंने मदद के लिए ग्रामीणों को बुलाया, लेकिन तब तक उनके पिता की मौत हो चुकी थी।

इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

शेर सिंह करीब 12 वर्ष पहले सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *