प्रतापगढ़ के लीलापुर थाना क्षेत्र के डांडी नगरहन का पुरवा गांव में एक महिला की मौत हो गई। आरोप है कि खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई झटका मशीन के तार में सीधे 240 वोल्ट का करंट छोड़ा गया था। इस मामले में मृतक महिला के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतक महिला की पहचान गांव के संजय कुमार मिश्र की 50 साल की पत्नी सीमा मिश्र के रूप में हुई है। यह घटना मंगलवार 22 सितंबर की सुबह करीब छह बजे की है। शिकायत के अनुसार, सीमा मिश्र घर के पास स्थित खेत के किनारे पूजा के लिए फूल तोड़ने गई थीं। इसी दौरान वह पड़ोसी अशोक मिश्र उर्फ मुन्ना मिश्रा के खेत में जानवरों से फसल बचाने के लिए लगाए गए झटका मशीन के तार की चपेट में आ गईं। परिजनों का आरोप है कि खेत में लगाई गई झटका मशीन में लापरवाही से बिजली का करंट छोड़ा गया था। करंट लगने के बाद सीमा मौके पर ही गिर गईं। जानकारी होने पर परिजन उन्हें लालगंज ट्रामा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक महिला के बेटे वैभव मिश्रा ने लीलापुर थाने में शिकायत दी है। उन्होंने अशोक मिश्र उर्फ मुन्ना मिश्रा (पुत्र स्व. लालता प्रसाद मिश्र) और आनंद मिश्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आनंद मिश्र की भी घटना में भूमिका होने का आरोप है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक महिला के परिवार में एक शादीशुदा बेटी और एक बेटा वैभव मिश्र है।

