कोटा के केशोरायपाटन क्षेत्र के विजयनगर में मंगलवार शाम खेत पर काम करते समय 60 वर्षीय महिला को सांप ने काट लिया। सांप के काटने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत कोटा के एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां महिला का आईसीयू वार्ड में इलाज जारी है। समय पर उपचार मिलने से फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। महिला की पहचान प्रेम बाई (60) निवासी विजयनगर चौराहा, पाटन के रूप में हुई है। परिजन राहुल मीणा ने बताया कि मंगलवार शाम प्रेम बाई खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान खेत में मौजूद सांप ने उन्हें काट लिया। घटना के बाद परिजन घबराए नहीं और करीब आधे घंटे के भीतर उन्हें कोटा के एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने महिला को आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया। परिजनों के अनुसार इलाज के बाद महिला की हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टर उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं। स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मानसून के दौरान खेतों और आसपास के इलाकों में सांप समेत अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में खेतों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सर्पदंश की स्थिति में समय गंवाए बिना मरीज को नजदीकी अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है।

