मार्नस लाबुशेन को खराब फॉर्म के बावजूद साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की 16 सदस्यीय टीम में बरकरार रखा गया है। बांग्लादेश के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में 1, 31 और 4 रन बनाने वाले लाबुशेन को लेकर चयन पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन सेलेक्टर्स ने नंबर-3 बल्लेबाज पर अपना भरोसा कायम रखा। वहीं मैथ्यू कुहनेमन, कूपर कोनोली और माइकल नेसर को टीम में शामिल किया गया है। सीरीज की शुरुआत 9 अक्टूबर से सीरीज का पहला टेस्ट 9 अक्टूबर से डरबन में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 18 अक्टूबर से जीक्वेबरहा और तीसरा 27 अक्टूबर से केप टाउन में होगा। 2023 के बाद टेस्ट में शतक नहीं लगा सके लाबुशेन लाबुशेन ने अपना पिछला टेस्ट शतक 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में लगाया था। इसके बाद से वे 43 पारियों में 24.69 की औसत से रन बना पाए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ हालिया सीरीज में भी उनका प्रदर्शन प्रभावी नहीं रहा। खराब फॉर्म के कारण उन्हें जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज की टीम से भी बाहर किया गया है। हालांकि टेस्ट चयन में सेलेक्टर्स ने उनके लाल गेंद के प्रदर्शन को अलग रखते हुए उन्हें मौका दिया है। कुहनेमन को मर्फी पर तरजीह लेफ्ट आर्म स्पिनर मैथ्यू कुहनेमन को नाथन लायन के साथ दूसरे विशेषज्ञ स्पिनर के रूप में चुना गया है। उन्हें टॉड मर्फी पर प्राथमिकता मिली है। साउथ अफ्रीका की परिस्थितियों को देखते हुए दूसरे टेस्ट में लायन के साथ कुहनेमन को उतारने का विकल्प भी ऑस्ट्रेलिया के पास रहेगा। 23 साल के कूपर कोनोली को भी टीम में जगह मिली है। हालिया वनडे में बांग्लादेश के खिलाफ 149 रन की पारी के बाद उनका दावा मजबूत हुआ। सेलेक्टर्स उन्हें भविष्य की योजनाओं में शामिल खिलाड़ी के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि पीठ की समस्या के कारण उनकी गेंदबाजी पर अभी काम चल रहा है। छह वनडे के बाद तीन टेस्ट, इसलिए संतुलित टीम चीफ सेलेक्टर जॉर्ज बेली ने कहा कि छह वनडे के तुरंत बाद तीन टेस्ट की सीरीज होगी और मैचों के बीच ज्यादा अंतर नहीं है। इसलिए टीम में अलग-अलग परिस्थितियों के लिए संतुलन और विकल्पों को ध्यान में रखा गया है। पेस अटैक में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड के साथ स्कॉट बोलैंड और माइकल नेसर विकल्प होंगे। नेसर के लिए यह दौरा खास है, क्योंकि उनका जन्म साउथ अफ्रीका में हुआ है। 2018 के ‘सैंडपेपरगेट’ के बाद पहली बार टेस्ट दौरा यह 2018 के बॉल-टैंपरिंग विवाद के बाद ऑस्ट्रेलिया का पहला टेस्ट दौरा होगा। उस दौरे के बाद मौजूदा टीम में सिर्फ पांच खिलाड़ी ऐसे हैं जो साउथ अफ्रीका में ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट खेल चुके हैं—पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क, स्टीव स्मिथ और मैट रेनशॉ। रेनशॉ ने 2018 में सीरीज का केवल आखिरी टेस्ट खेला था। साउथ अफ्रीका दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मैथ्यू कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, माइकल नेसर, मैट रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क और ब्यू वेबस्टर।
खराब फॉर्म के बावजूद लाबुशेन पर भरोसा कायम:साउथ अफ्रीका दौरे के लिए 16 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम घोषित; कुहनेमन और कोनोली को मौका

