भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 30 और 31 अगस्त को ओरछा में होगी। बैठक 30 अगस्त को सुबह 9 बजे शुरू होगी। बैठक 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे समाप्त होगी। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं को बताया कि इस बैठक में केंद्रीय मंत्री, कोर समिति के सदस्य, राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष व प्रभारी, संभाग प्रभारी, मोर्चों के अध्यक्ष सहित करीब 300 नेता शामिल होंगे। बैठक में संगठन को सशक्त और सक्रिय बनाने के साथ आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार, प्रशिक्षण को लेकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने पर भी चर्चा होगी। अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने पर भी चर्चा होगी। गौरतलब है कि पहले यह बैठक जुलाई में प्रस्तावित थी। दतिया उपचुनाव के कारण बैठक की तारीख आगे बढ़ाई गई थी। मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अध्यक्ष बनने के बाद यह पहली बड़ी प्रदेश कार्यसमिति बैठक है। इसे लेकर ओरछा में तैयारियां अंतिम दौर में हैं। ओरछा पहुंचे प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन के मुताबिक सुरक्षा की दृष्टि से अधिकृत पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बारकोड सिस्टम से प्रवेश दिया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया ने बताया कि ओरछा तिगैला से मुख्य नगर तक स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। शहर को सजाया जा रहा है।

