Salman Khan Maatrubhumi Update: सलमान खान की मच अवेटेड फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म को इस साल अप्रैल में रिलीज किया जाना था, लेकिन रिलीज टल गई। इसके बाद फिल्म की नई रिलीज डेट को लेकर लगातार अलग-अलग रिपोर्ट्स सामने आती रही हैं। अब फिल्म से जुड़ा एक नया अपडेट सामने आया है, जिसके मुताबिक ‘मातृभूमि’ अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुई है और इसका फाइनल कट अब तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड यानी CBFC के पास सर्टिफिकेशन के लिए नहीं भेजा गया है।
अभी पोस्ट-प्रोडक्शन में है ‘मातृभूमि’
‘वेरायटी इंडिया’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान स्टारर ‘मातृभूमि’ फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन के दौर से गुजर रही है। फिल्म के फाइनल वर्जन को अभी लॉक नहीं किया गया है। रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से बताया गया है कि म्यूजिक कंपोजर रवि बसरूर इस समय फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर पर काम कर रहे हैं।
सूत्र के मुताबिक फिल्म में जिन बदलावों के लिए कहा गया है, उन्हें भी शामिल किया जा रहा है। इन सभी बदलावों के पूरा होने के बाद ही फिल्म का अंतिम कट तैयार किया जाएगा। इसके बाद इसे CBFC के पास प्रमाणन के लिए भेजा जाएगा।
फाइनल कट लॉक होने के बाद तय होगी रिलीज डेट
फिल्म की रिलीज डेट को लेकर भी अभी स्थिति साफ नहीं है। इससे पहले ऐसी चर्चाएं थीं कि सलमान खान की ‘मातृभूमि’ इस साल दिवाली या क्रिसमस के आसपास सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक इन तारीखों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का फाइनल कट लॉक होने और सेंसर सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू होने के बाद ही मेकर्स रिलीज प्लान पर फैसला करेंगे। ऐसे में फिलहाल फिल्म की रिलीज को लेकर किसी निश्चित तारीख पर मुहर नहीं लगी है।
आर्मी ऑफिसर के रोल में नजर आएंगे सलमान
‘मातृभूमि’ को अपूर्व लखिया डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म में सलमान खान एक भारतीय सेना के अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे। यही वजह है कि फिल्म को लेकर उनके फैंस के बीच खास उत्सुकता बनी हुई है।
फिल्म की रिलीज पहले अप्रैल 2026 के लिए तय बताई गई थी, लेकिन पोस्टपोन होने के बाद से इसकी नई रिलीज डेट का इंतजार किया जा रहा है। अब ताजा रिपोर्ट के बाद इतना जरूर साफ है कि फिल्म अभी निर्माण के अंतिम चरण में है।
सलमान की आने वाली फिल्मों की लंबी लिस्ट
‘मातृभूमि’ के अलावा सलमान खान के पास कई दूसरे प्रोजेक्ट भी हैं। वो निर्देशक वंशी पेडिपल्ली की अगली फिल्म में नजर आने वाले हैं, जिसे लेकर रिपोर्ट्स में ‘मॉन्स्टर’ नाम सामने आया है। फिल्म में उनके साथ नयनतारा के होने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।
इसके अलावा सलमान के राज एंड डीके की सुपरहीरो फिल्म से जुड़ने की भी खबरें आती रही हैं, लेकिन इस प्रोजेक्ट को लेकर भी फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

