Virat Kohli Acting: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ ने विराट कोहली की एक ऐसी खूबी का खुलासा किया है, जो उन्हें क्रिकेट के अलावा एक्टिंग की दुनिया में भी काम आ सकती है। द्रविड़ का मानना है कि विराट लोगों की नकल यानी मिमिक्री काफी अच्छी तरह करते हैं और अगर वह कभी बॉलीवुड में आने का फैसला करते हैं तो उनके पास एक्टिंग के लिए जरूरी कुछ खूबियां पहले से मौजूद हैं।
राहुल द्रविड़ ने विराट कोहली पर क्या कहा?
बीबीसी एशियन नेटवर्क के साथ बातचीत के दौरान राहुल द्रविड़ से पूछा गया कि उनके पूर्व साथी खिलाड़ियों में से कौन बॉलीवुड में अच्छा एक्टर बन सकता है। इस दौरान अभिषेक बच्चन ने भी क्रिकेटर्स के एक्टिंग में हाथ आजमाने का जिक्र किया।
द्रविड़ ने सुनील गावस्कर और सैयद किरमानी का नाम लेते हुए मजाक में कहा कि दोनों ने एक्टिंग की कोशिश की थी, लेकिन ज्यादा सफलता नहीं मिली। उन्होंने अजय जडेजा का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने एक फिल्म की थी। द्रविड़ ने हंसते हुए कहा कि अच्छा हुआ कि ये खिलाड़ी क्रिकेट में ही टिके रहे।
विराट की मिमिक्री के फैन हैं राहुल द्रविड़
जब द्रविड़ से पूछा गया कि क्या वह खुद कभी एक्टिंग करना चाहेंगे, तो उन्होंने तुरंत इससे इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी खूबियों के बारे में पता है और वह खुद को बेवकूफ नहीं बनाएंगे।
हालांकि, इसके बाद उन्होंने विराट कोहली का नाम लिया। द्रविड़ ने बताया कि विराट में लोगों की नकल करने की जबरदस्त क्षमता है। उन्होंने याद किया कि जब विराट युवा खिलाड़ी के तौर पर भारतीय टीम में आए थे और बाकी खिलाड़ी उनसे सीनियर थे, तब वह लोगों की मिमिक्री बहुत शानदार तरीके से करते थे।
द्रविड़ ने यह भी कहा कि विराट ने पिछले कई वर्षों में बड़ी संख्या में विज्ञापन किए हैं और कैमरे के सामने काम करने का उन्हें काफी अनुभव है। उनके मुताबिक विराट इस मामले में लगभग प्रोफेशनल हैं।
अनुष्का शर्मा दे सकती हैं एक्टिंग टिप्स
बातचीत के दौरान विराट की पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा का भी जिक्र हुआ। इंटरव्यू लेने वाले ने कहा कि अगर विराट कभी एक्टिंग में आते हैं तो अनुष्का उन्हें कुछ टिप्स दे सकती हैं। विराट और अनुष्का की पहली मुलाकात भी एक विज्ञापन की शूटिंग के दौरान हुई थी। इसके बाद विराट कई ब्रांड कैंपेन का हिस्सा रह चुके हैं।
विराट की एक्टिंग क्षमता को लेकर इससे पहले कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा भी अपनी राय दे चुके हैं। उन्होंने विराट की कॉमिक टाइमिंग, डांस और मिमिक्री की तारीफ की थी। हालांकि उनका मानना था कि विराट को क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी फिल्मों में नहीं आना चाहिए।
विराट-अनुष्का की शादी
विराट और अनुष्का ने 2018 में इटली में शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं। फिलहाल विराट का क्रिकेट करियर ही उनकी पहचान का सबसे बड़ा हिस्सा है, लेकिन राहुल द्रविड़ की बातों ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि अगर विराट कभी बॉलीवुड में कदम रखते हैं तो वह कैमरे के सामने कितना कमाल कर सकते हैं।

