कौशांबी में गंगा स्नान कर शिवालय पहुंचे भक्त:बेलपत्र-दूध से किया भोलेनाथ का अभिषेक, हजारों श्रद्धालुओं ने चढ़ाया जल

कौशांबी में गंगा स्नान कर शिवालय पहुंचे भक्त:बेलपत्र-दूध से किया भोलेनाथ का अभिषेक, हजारों श्रद्धालुओं ने चढ़ाया जल

सावन के अंतिम सोमवार को कौशांबी के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही पूरे जनपद के मंदिर ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठे। भक्तों ने गंगा स्नान कर भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र, दूध, धतूरा और फल-फूल अर्पित किए। जनपद के प्रमुख शिवालयों में कड़ा धाम स्थित कालेश्वरनाथ प्राचीन शिव मंदिर, पूरब सरावां स्थित बउखल बाबा महादेव मंदिर, मूरतगंज के पल्हाना घाट स्थित प्राचीन पंचमुखी शिव मंदिर और संदीपन घाट स्थित प्राचीन शिव मंदिर शामिल हैं। इन मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। दूर-दराज के गांवों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हुए जल, गंगाजल, दूध, दही, बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल आदि से भगवान शिव का अभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। इसके अतिरिक्त, जनपद के टेंवा स्थित पुलिस लाइन में स्थापित शिव मंदिर को विशेष आकर्षक लाइटों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसरों में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। भक्तों को कतारबद्ध तरीके से दर्शन और जलाभिषेक कराया गया ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। स्नान घाटों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिसने श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका। शिवालयों के बाहर भी स्थानीय थाना पुलिस सुरक्षा में मुस्तैद रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *