Georgia Voll-Ashleigh Gardner affair, Australia women Cricket team: ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की उप-कप्तान एश्ले गार्डनर ने आखिरकार अपनी निजी जिंदगी को लेकर चल रहे विवाद पर चुप्पी तोड़ दी है। गार्डनर ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर करते हुए पत्नी मोनिका राइट से शादी टूटने की बात कबूली है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपनी गोपनीयता का सम्मान करने की अपील की।
जॉर्जिया वोल के साथ अफेयर का आरोप
गार्डनर की पत्नी मोनिका राइट ने उन पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी जॉर्जिया वोल के साथ अफेयर का आरोप लगाया था। उन्होंने गार्डनर को उप-कप्तान बनाए रखने के क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के फैसले पर भी सवाल उठाए थे। जॉर्जिया वोल ऑस्ट्रेलिया टीम की युवा खिलाड़ी हैं और वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलती हैं। आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानी जाने वाली जॉर्जिया दाएं हाथ से ऑफ-ब्रेक गेंदबाजी भी करती हैं। उन्होंने बहुत कम उम्र में खेलकूद शुरू किया था और स्कूल के दिनों में रग्बी भी खेला करती थीं, लेकिन बाद में क्रिकेट को अपना मुख्य करियर चुना।
जॉर्जिया वोल ऑस्ट्रेलिया की उभरती हुई स्टार
उन्होंने मात्र 16 साल की उम्र में महिला राष्ट्रीय क्रिकेट लीग (WNCL) में क्वींसलैंड फायर के लिए डेब्यू किया था। महिला बिग बैश लीग (WBBL) में ब्रिस्बेन हीट और सिडनी थंडर जैसी टीमों के लिए खेल चुकी जॉर्जिया ने साल 2024 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। जॉर्जिया और गार्डनर भारत में हुए महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के दौरान करीब आए थे, जिसके बाद यह पूरा विवाद शुरू हुआ।
एश्ले गार्डनर ने शेयर की भावुक स्टोरी
एश्ले गार्डनर ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, “हालांकि, मेरी पत्नी से अलग होना एक निजी मामला है, लेकिन मैं समझती हूं कि उपकप्तान के तौर पर मेरे पद को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को मेरे मौजूदा रिश्ते की स्थिति पर बात करनी थी। मैं आभारी हूं कि सीए बोर्ड ने मेरे नेतृत्व को बनाए रखने का फैसला किया है। मैं एक लीडर के तौर पर अहम भूमिका निभाने और आने वाले सीजन में अपनी टीम की साथियों को हर संभव मदद देने के लिए उत्साहित हूं।”
एश्ले और मोनिका ने अप्रैल 2025 में शादी की थी, लेकिन पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप के दौरान उनके रिश्ते में खटास आ गई। सिडनी में अपने घर से निकलने के कुछ महीनों बाद, मोनिका ने आरोप लगाया कि एश्ले का अपनी साथी ओपनर जॉर्जिया वॉल के साथ अफेयर चल रहा था।
मोनिका से गार्डनर ने मांगी माफी
गार्डनर ने आगे लिखा, “मैं उस समय के लिए आभारी हूं जो मैंने और मोनिका ने साथ बिताया और इस वजह से हुए दुख के लिए माफी मांगती हूं। मैं भविष्य में उनके लिए केवल खुशी और सफलता की कामना करती हूं। मैं इस समय इस मामले पर कोई और सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करूंगी और लोगों से अपील करती हूं कि इसमें शामिल लोगों की गोपनीयता का सम्मान किया जाए।”
सीए ने पहले ही साफ कर दिया था कि एश्ले और मोनिका के बीच का विवाद एक निजी मामला है। बोर्ड ने कहा कि टीम की अखंडता की रक्षा के लिए उसकी ‘रिस्पेक्ट एट वर्क’ पॉलिसी के तहत हितों के टकराव से जुड़े नियम लागू किए गए थे। एश्ले गार्डनर की महिला बिग बैश लीग फ्रेंचाइजी सिडनी सिक्सर्स ने भी इस ऑफ-स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर को अपना पूरा समर्थन दिया है।


