कौन हैं सिंगर गुलाब सिद्धू? जिनके घर हुई फायरिंग, सिद्धू मूसेवाला के हैं करीबी, पुलिस जांच में जुटी

कौन हैं सिंगर गुलाब सिद्धू? जिनके घर हुई फायरिंग, सिद्धू मूसेवाला के हैं करीबी, पुलिस जांच में जुटी

Gulab Sidhu house Firing in Punjab Barnala: पंजाब के बरनाला जिले के फरवाही गांव में रविवार तड़के उस वक्त शोर मच गया, जब प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू (Gulab Sidhu) के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। देर रात करीब 1:33 बजे हुए इस हमले ने एक बार फिर पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और गैंगस्टरों के बीच बढ़ते तनाव को उजागर कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, तीन नकाबपोश बदमाशों ने गायक के घर के मुख्य द्वार पर 5 से 6 राउंड फायरिंग की और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। आइये जानते हैं कौन है ये सिंगर…

सिंगर गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग

इस खौफनाक हमले का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक बाइक पर तीन नकाबपोश बदमाश सवार हैं। बाइक चला रहा युवक पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर रहा है, जबकि पीछे बैठे दो अन्य बदमाश अपने बाएं हाथ से गोलियां चला रहे हैं। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, हालांकि गोलियां घर के मुख्य द्वार पर जाकर लगीं, जिससे दरवाजे पर छर्रों और गोलियों के निशान बन गए हैं।

गनीमत यह रही कि गोलीबारी के समय खुद गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल अपने म्यूजिक कॉन्सर्ट के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया में हैं। हालांकि, घटना के वक्त उनके परिवार के लोग घर के भीतर ही मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए हैं।

कौन हैं गुलाब सिद्धू?

गुलाब सिद्धू पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का एक चर्चित नाम हैं, जिन्हें ‘पारले जी’, ‘इनाफ’ और ’22 22′ ‘पंच्छी’, ‘टौर कड्ड दा’, ‘सरदारनी’, ‘दिल जट्ट दा’, ‘चादरे’, ‘जट्ट दे इरादे’ और ‘फोटो ते फ्लावर’ जैसे कई गाने दिए हैं। वह दिवंगत पंजाबी रैपर शुभदीप सिंह सिद्धू (सिद्धू मूसेवाला) के बेहद करीबी दोस्तों में से एक रहे हैं। दोनों ने एक साथ कई गानों में काम भी किया है।

गुलाब आज भी अपने सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम प्रोफाइल पिक्चर पर ‘सिद्धू मूसेवाला के लिए न्याय’ (Justice for Sidhu Moosewala) लिखकर अपने दोस्त के लिए इंसाफ की आवाज बुलंद करते रहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुलाब सिद्धू का जन्म 15 अप्रैल 1993 में पंजाब के बरनाला में हुआ था। उन्होंने सिद्धू मूसेवाला के चेहरे वाला टैटू तक अपनी बाजू में गुदवाया हुआ है। वह शादीशुदा हैं और उनकी पत्नी का नाम रविंद्र कौर हैं।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

यह पहली बार नहीं है जब गुलाब सिद्धू की जान पर खतरा मंडराया हो। अतीत में भी उन्हें कई गैंगस्टर गिरोहों से जबरन वसूली और जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। खतरे की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस ने पहले ही उन्हें सुरक्षा के लिहाज से दो पुलिस गनमैन मुहैया कराए हुए थे।

इससे पहले इसी साल जनवरी में, गुलाब सिद्धू के विवादित गीत ‘सरपंच’ को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हुआ था। फरवाही गांव के ही सरपंच बलजिंदर सिंह उर्फ ‘किंडा’ ने उन्हें गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए किंडा और उसके दो साथियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था।

बरनाला पुलिस का आया बयान- जांच में जुटी पुलिस टीम

आधी रात को हुई इस गोलीबारी से पूरा गांव सहमा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सबूत जुटाए। मामले की पुष्टि करते हुए बरनाला पुलिस ने बताया, “हमें शनिवार देर रात रविवार तड़के गायक गुलाब सिद्धू के आवास के मुख्य गेट पर फायरिंग की सूचना मिली थी। घटना के वक्त गुलाब घर पर नहीं थे, वह ऑस्ट्रेलिया में हैं। पुराना पुलिस रिकॉर्ड बताता है कि वह पहले भी गैंगस्टरों के निशाने पर रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है और मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *