कौन हैं मोहम्मद कूनैन कुरैशी? दलीप ट्रॉफी फाइनल में शतक और गेंदबाजी से दिखाया दम; बटोरी सुर्खियां

कौन हैं मोहम्मद कूनैन कुरैशी? दलीप ट्रॉफी फाइनल में शतक और गेंदबाजी से दिखाया दम; बटोरी सुर्खियां

Duleep Trophy final: दलीप ट्रॉफी फाइनल में मोहम्मद कुनैन कुरैशी ने शतक और गेंदबाजी में दो विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया। जानिए इस खिलाड़ी के बारे में। 

Mohammed Kounain Quraishi: चेन्नई में साउथ जोन और ईस्ट जोन के बीच दलीप ट्रॉफी का फाइनल खेला गया। इस मुकाबले के 5वें दिन ईस्ट जोन के लिए मोहम्मद कुनैन कुरैशी ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए अपना पहला फर्स्ट क्लास शतक जड़ा और गेंदबाजी में भी दमखम दिखाया। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। इस हरफनमौला खिलाड़ी को टूर्नामेंट की खोज माना जा रहा है।

कौन हैं मोहम्मद कुनैन कुरैशी?

मोहम्मद कुनैन कुरैशी झारखंड के ऑलराउंडर हैं। दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में शाहबाज अहमद के चोटिल होने के बाद बतौर रिप्लेसमेंट उन्हें टीम में शामिल किया गया। उन्होंने सेंट्रल जोन के खिलाफ खेलते हुए ईस्ट जोन के लिए कुल 3 विकेट चटकाए। अपनी दमदार गेंदबाजी के दम पर डेब्यू मैच में ही वह कप्तान ईशान किशन का दिल जीतने में कामयाब रहे। नतीजतन, उन्हें फाइनल मुकाबले में भी टीम में बरकरार रखा गया। उन्होंने अपने कप्तान को निराश भी नहीं किया।

दलीप ट्रॉफी फाइनल की दूसरी पारी में 179 गेंदों पर शतक और पहली पारी में 91 गेंदों पर 40 रन बनाने के अलावा, करीब 40 ओवर गेंदबाजी कर 99 रन देकर दो विकेट लेने का प्रदर्शन बताता है कि कुरैशी में लंबे प्रारूप के क्रिकेट में काफी क्षमता है। धनबाद के 23 वर्षीय कुरैशी ने अभी तक झारखंड के लिए फर्स्ट-क्लास क्रिकेट नहीं खेला है। हालांकि, पिछले सीजन विजय हजारे ट्रॉफी से उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में डेब्यू किया था। चार लिस्ट-ए मैचों में उनके नाम 43 रन और 3 विकेट हैं।

झारखंड प्रीमियर लीग में भी किया प्रभावित

मोहम्मद कुनैन कुरैशी ने इस वर्ष झारखंड प्रीमियर लीग में भी प्रभावित किया था। जमशेदपुर स्टीलर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने छह पारियों में 203 रन बनाए थे। ऑफ-स्पिन गेंदबाजी करते हुए उन्होंने सात पारियों में छह विकेट भी लिए, हालांकि उनका इकॉनमी रेट लगभग 11 रन प्रति ओवर रहा।

ईस्ट जोन तीसरी बार बना चैंपियन

ईस्ट जोन तीसरी बार दलीप ट्रॉफी चैंपियन बन गया है। चेन्नई में साउथ जोन और ईस्ट जोन के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा है। ऐसे में पहली पारी में बढ़त के आधार पर ईस्ट जोन को विजेता घोषित किया गया। ईस्ट जोन ने 14 साल बाद खिताब जीता है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *