कोटा में चाकूबाजी और हत्या जैसी गंभीर वारदातों के आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में 2 अक्टूबर को हिस्ट्रीशीटर आजम खान पर चाकू से हमला करने वाले बदमाश 10 दिन बाद भी फरार हैं। इनमें आरोपी इमरान पठान उर्फ इमरान कालिया सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर पुलिस को खुली चुनौती देता नजर आ रहा है। वहीं, अनंतपुरा थाना क्षेत्र में 5 अक्टूबर की रात BTech स्टूडेंट की हत्या के आरोपी भी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। फेसबुक पर लिखा- भूल तो नहीं गए हमें विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में 2 अक्टूबर को 4 से 5 बदमाशों ने इलाके के ही आजम खान को रोककर पहले मारपीट की इसके बाद उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है, लेकिन 10 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस बीच आरोपी इमरान पठान उर्फ इमरान कालिया ने अपनी फेसबुक आईडी पर फोटो पोस्ट की। इसमें उसने लिखा, ‘भूल तो नहीं गए हमें’ और साथ में #किंग ऑफ कोटा लिखा। एक अन्य स्टोरी में उसने लिखा, ‘किसी इंसान की एक गलती को माफ करना अपनी सबसे बड़ी गलती है।’ सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट के जरिए आरोपी खुलेआम अपनी मौजूदगी दिखा रहा है। डीएसपी बोले- जल्द करेंगे गिरफ्तार डीएसपी हिमांशु सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस की टीमें गठित की गई थीं। अलग-अलग इलाकों में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आरोपियों के करीब है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। BTech स्टूडेंट की हत्या के आरोपी भी फरार दूसरी वारदात अनंतपुरा थाना क्षेत्र की है। यहां 5 अक्टूबर की रात 4 से 5 बदमाशों ने एक BTech स्टूडेंट भुवनेश नागर पर लाठी, पाइप और सरियों से हमला किया। इसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात में कुछ आरोपी नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। अनंतपुरा थानाधिकारी महेश कारवाल ने बताया कि पुलिस आरोपियों के अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। अभी सफलता नहीं मिली है, लेकिन जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

