कोटा में ट्रैक्टर व बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में हो गई। हादसे में बाइक, ट्रैक्टर के आगे वाले हिस्से में जाकर फंस गई। बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। जिसकी इलाज के दौरान न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर की जवाहर नगर थाना क्षेत्र की है। बाइक सवार गोविंद रावल (38) मुलरूप से बूंदी जिले के करवर का रहने वाला था। जो वर्तमान में परिवार सहित विज्ञान नगर, इंद्रा बस्ती कोटा में किराए से रह रहा था। बुधवार को किराए का मकान ढूंढने इंद्राविहार इलाके में गया था। ओपेरा रोड जगन्नाथ कचोरी की दुकान के पास हादसे का शिकार हो गया। जीजा कन्हैयालाल ने बताया की गोविन्द, नागर धाकड़ समाज में जजमानी (मांगने खाने) का काम करता था। दो तीन दिन पहले भी बूंदी से लौटा था। बुधवार को कोटा में जजमान के घर (शादी वाले घर ) से जजमानी ( सामान व रूपए ) लेकर लौटा था। फिर वापस किराए का मकान ढूंढने चला गया। इंद्रा विहार में किराए का मकान देखकर साफ सफाई कर बाइक से वापस जा रहा था। दोपहर ढाई बजे के आसपास रास्ते में ओपेरा हॉस्पिटल रोड पर तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक, ट्रैक्टर के आगे वाले हिस्से में जाकर फस गई। गोविंद गंभीर घायल हो गया। जिसे राहगीरों ने संभाला। एम्बुलेंस की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया। गोविंद के सिर, हाथ पैर में गंभीर चोट लगी। इलाज के दौरान हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। गोविंद के दो बच्चे (एक बेटा एक बेटी) है। हादसे के बाद गोविंद का पर्स गायब है। पर्स में जजमानी के रुपए रखे हुए थे। जवाहर नगर थाना हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह ने बताया हादसे में गोविंद के गंभीर चोट लगी थी। इलाज के दौरान हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। परिजनो की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


