कैथल में करनाल रोड स्थित शुगर मिल कॉलोनी में जमीन के विवाद को लेकर करीब 12 आरोपियों ने एक व्यक्ति पर ईंटों व लात मुक्कों से हमला कर दिया। इस हमले में व्यक्ति को काफी चोटें लगी। विवाद शुगर मिल कॉलोनी में एक प्लाट को लेकर हुआ। दोनों पक्ष प्लाट पर अपना स्वामित्व जता रहे थे। इस संबंध में पीड़ित व्यक्ति ने आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने दो नामजद सहित 12 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कैथल के सेक्टर 20 निवासी देवेंद्र पाल ने सिविल लाइन थाना में दी शिकायत में बताया कि उसने करीब 30 साल पहले शुगर मिल कॉलोनी में एक प्लाट लिया था, जिनकी रजिस्ट्री भी उसके पास मौजूद है। वह तभी से खाली पड़ा है। मौके पर आकर काम रुकवाया गांव फरीयाबाद निवासी तरसेम व सेरधा निवासी सुरेश कुमार जबरन उसके प्लाट पर कब्जा करना चाहते हैं। कुछ दिन पहले उसने अपने प्लाट में कुछ काम शुरू कर दिया। इस दौरान तरसेम व सुरेश मौके पर पहुंच गए। उन्होंने काम को रुकवाने की कोशिश की। जब उसने इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने अन्य युवकों को बुलाकर उस पर ईंटों व लात मुक्कों से हमला कर दिया। आरोपी उसे काफी देर तक पीटते रहे। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सिविल लाइन थाना एसएचओ गीता ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

