कैथल से ट्रेन में सवार होकर हरिद्वार जा रहे तीन दोस्तों के बीच आपसी कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। ढांड और कुरुक्षेत्र के बीच इस झगड़े में एक दोस्त ने दूसरे दोस्त को बुरी तरह से पीट दिया। वह दोस्त को अधमरा होने तक पीटता रहा। आरोप है कि राकेश नाम के युवक ने अपने ही साथी ऋषिपाल को बेरहमी से पीटा। इससे 55 वर्षीय ऋषिपाल की मौत हो गई। परिजनों ने राकेश पर ऋषिपाल की हत्या करने का आरोप लगाया है। पीट पीटकर अधमरा किया ट्रेन में सो रहे तीसरे दोस्त सुदेश कुमार ने बताया कि राकेश ने ऋषिपाल को पीट पीटकर अधमरा कर दिया। उसकी नाक तोड़ दी। इससे उसका मुंह भी सूज गया। आरोपी राकेश मौके से फरार हो गया। सुदेश ऋषिपाल को गंभीर हालत में घर लेकर पहुंचा। परिजन उसे अस्पताल में लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोपी राकेश को गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग अस्पताल में पहुंचे मृतक व्यक्ति के दामाद दिनेश ने बताया कि उसके ससुर की कल तबियत खराब हो गई थी। ससुराल वालों ने उसे इस बारे में मोबाइल पर सूचना दी। वे कैथल में प्रताप गेट पर उसके ससुराल में पहुंच गए। वहां पर उसके ससुर मृत अवस्था में मिले। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। जीआरपी चौकी से जांच अधिकारी सीमा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके वपर पहुंच गई थी। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। इस संबंध में पुलिस द्वारा परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। उन्हीं के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

