भीलवाड़ा शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने कैटरिंग व्यवसायी के बैंक खातों को निशाना बनाते हुए 8 लाख 32 हजार 531 रुपए साफ कर दिए। घटना के बाद शहर के व्यापारियों में साइबर फ्रॉड को लेकर आक्रोशित है। कैटरिंग व्यवसायी को बनाया शिकार सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाश विश्नोई ने बताया- रामस्नेही अस्पताल के सामने उषा टावर निवासी महावीर शर्मा (50), पुत्र किशन लाल शर्मा, तिवाड़ी कैटर्स का संचालन करते हैं। पीड़ित व्यवसायी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, 28 सितंबर की रात करीब 10 बजे महावीर शर्मा खाना खाने के बाद अपने घर पर बैठे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रुपए कटने के लगातार मैसेज आने लगे। लगातार आए रुपए कटने के मैसेज अचानक मोबाइल पर एक के बाद एक कई ट्रांजेक्शन के मैसेज देखकर महावीर शर्मा के होश उड़ गए। साइबर ठगों ने शातिर तरीके से उनके बैंक ऑफ बड़ौदा के सेविंग अकाउंट के साथ-साथ तिवाड़ी कैटर्स के फर्म खाते को भी निशाना बनाया। 8 लाख 32 हजार 531 रुपए उड़ाए साइबर ठगों ने दोनों खातों से कुल 8 लाख 32 हजार 531 रुपए निकाल लिए। घटना का पता चलते ही महावीर शर्मा ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही उन्होंने तत्काल अपने बैंक खातों की यूपीआई सेवाएं भी बंद करवा दीं। मामला दर्ज, जांच शुरू ऑनलाइन सेंटर साइबर पुलिस स्टेशन (राजस्थान साइबर क्राइम सेंट्रल) से प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर सुभाषनगर थाने में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच की जिम्मेदारी एएसआई इस्लाम मोहम्मद को सौंपी है। पुलिस अब उन बैंक खातों और तकनीकी सुरागों की जांच में जुटी है, जिनके जरिए इस साइबर फ्रॉड को अंजाम दिया गया।

