रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने शनिवार को कुशीनगर जिले के तीन अलग-अलग रेलवे स्टेशनों से बड़ी मात्रा में लावारिस शराब बरामद की। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश से बिहार की ओर होने वाली शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के तहत की गई। पहली बरामदगी सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन पर हुई। प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पूर्वी छोर पर एक सफेद बोरी में 44 कैन किंगफिशर बीयर मिली। प्रत्येक कैन 500 मिलीलीटर की थी, जिससे कुल 22 लीटर बीयर बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 5,660 रुपये बताई गई है। दो बोरियों में अंग्रेजी शराब पाई गई दूसरी कार्रवाई कप्तानगंज रेलवे स्टेशन पर हुई। यहां प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर फुट ओवरब्रिज के नीचे दो बोरियों में अंग्रेजी शराब पाई गई। एक पीली बोरी से 89 बोतलें ऑफिसर चॉइस व्हिस्की (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) और एक सफेद बोरी से 62 बोतलें आफ्टर डार्क व्हिस्की बरामद की गईं। कुल 151 बोतलों की मात्रा 27.18 लीटर और कीमत 21,490 रुपये आंकी गई है। तीसरी बरामदगी खड्डा रेलवे स्टेशन पर की गई। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक हरे रंग की बोरी से ऑफिसर चॉइस व्हिस्की के 46 पाउच (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) मिले। इसकी कुल मात्रा 8.28 लीटर और अनुमानित कीमत 5,980 रुपये है। तीनों ही मामलों में बरामद शराब लावारिस हालत में मिली। RPF ने इसे जब्त कर लिया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। RPF अधिकारियों ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।


